ऊधम सिंह नगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज ऊधम सिंह नगर जनपद स्थित अपने निजी आवास नगला तराई एवं लोहियाहेड हेलीपैड पर आमजन और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर पारदर्शिता के साथ त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की विकास आवश्यकताओं पर चर्चा करते हुए नागरिक सुविधाओं को मजबूत बनाने और जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दायित्वधारी रंजीत सिंह नामधारी, संतोष गौरव, फरजाना बेगम, सुरेश कोली, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, रनदीप पोखरिया, अमित पाण्डे जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एएसपी अजय गणपति, एडीएम कौस्तुभ मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
