विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियां तेज, देहरादून में 23 अक्टूबर से ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच

Share on Social Media


देहरादून। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत जनपद देहरादून में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) 23 अक्टूबर से शुरू होगी। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर जांच प्रक्रिया की जानकारी साझा की। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से एफएलसी के दौरान उपस्थित रहकर प्रक्रिया का अवलोकन करने तथा निर्वाचन व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने में सहयोग की अपील की।

जिलाधिकारी ने कहा कि ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण प्रारंभिक चरण है। इसके अंतर्गत मशीनों के हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर की तकनीकी जांच की जाएगी, ताकि उनके सुचारु एवं त्रुटिरहित संचालन और डेटा रिकॉर्डिंग की विश्वसनीयता सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने कहा कि निर्धारित मानकों के अनुरूप की जाने वाली यह जांच निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और ईवीएम की विश्वसनीयता बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण है। एफएलसी पूरी होने के बाद ईवीएम का विधानसभा क्षेत्रवार रेंडमाइजेशन किया जाएगा। इसके पश्चात प्रेक्षक की उपस्थिति में सॉफ्टवेयर के माध्यम से मशीनों का पुनः रेंडमाइजेशन कर उन्हें बूथवार आवंटित किया जाएगा। इस प्रक्रिया से निर्धारित निर्वाचन प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने के साथ ही मशीनों के आवंटन में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने में मदद मिलेगी।

जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से 23 अक्टूबर से प्रारंभ होने वाली एफएलसी प्रक्रिया में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने और पूरी प्रक्रिया का अवलोकन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों की सहभागिता से निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं के प्रति विश्वास मजबूत होगा। साथ ही, उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रक्रिया संपन्न कराने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, तहसीलदार सदर सुरेंद्र सिंह देव, जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र देवली सहित भाजपा के अरविंद जैन, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के जसविंदर सिंह एवं सुनील जायसवाल, सीपीआई (एम) के अनंत आकाश, बसपा के सत्यपाल तथा आम आदमी पार्टी के कमल राणा सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *