मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बनबसा में विकास कार्यों का किया शुभारंभ एवं शिलान्यास, खेल सुविधाओं के विस्तार पर दिया जोर

Share on Social Media


बनबसा (चम्पावत)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज बनबसा स्थित मिनी स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट सहित विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को खेल किट एवं पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों की प्रतिभा को सम्मान देना उनके परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का सम्मान है। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने, नशे से दूर रहने तथा अनुशासित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इसी दिशा में लोहाघाट में लगभग ₹256.97 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज विकसित किया जा रहा है। यह संस्थान प्रदेश की महिला खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने, उनकी प्रतिभा निखारने और खेलों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं, नियमित स्वास्थ्य जांच और निःशुल्क दवा वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके साथ ही जनपद में ₹20 करोड़ की लागत से 50 शैय्यायुक्त क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा, जिससे गंभीर रोगियों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि टनकपुर में लगभग ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) विकसित किया जा रहा है। इससे क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था और संपर्क सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। वहीं, मां पूर्णागिरि धाम और शारदा कॉरिडोर से संबंधित विकास कार्य धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहित करने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर सृजित करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बनबसा के चूना भट्ठा स्थित स्वतंत्रता सेनानी कैप्टन करम चन्द स्टेडियम में चार विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया। इसके अतिरिक्त, कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत ₹150.20 लाख की लागत से बैडमिंटन हॉल का निर्माण किया जाएगा। इन कार्यों से स्टेडियम में खेल सुविधाओं का विस्तार होगा तथा खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए बेहतर आधारभूत ढांचा उपलब्ध हो सकेगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बालिका वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली साधना तथा बालक वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले जतिन चंद को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि नियमित अभ्यास, अनुशासन और निरंतर मेहनत से युवा खेलों के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने भारत सरकार के उपक्रम एनएचपीसी के टनकपुर पावर स्टेशन द्वारा सीएसआर के अंतर्गत वन प्रभाग हल्द्वानी और वन प्रभाग चम्पावत को उपलब्ध कराए गए तीन टाटा योद्धा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इन वाहनों से वन विभाग के कार्यों को सुगम बनाने के साथ वन एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों को गति मिलेगी। इससे विभागीय कार्मिकों को अपने दायित्वों के निर्वहन में भी सुविधा होगी।

धामी ने कहा कि खेल, स्वास्थ्य, परिवहन, धार्मिक पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विकास कार्य क्षेत्र की आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ स्थानीय नागरिकों के लिए सुविधाओं का विस्तार करेंगे। राज्य सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचे और युवाओं को अपनी प्रतिभा एवं क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने के अवसर मिलें।

कार्यक्रम में दायित्वधारी  सुभाष बगौली, हेमा जोशी, मनोज कालाकोटी,किरण देवी, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष भानी चंद, विधायक प्रतिनिधि टनकपुर दीपक रजवार, नगर पालिका परिषद बनबसा की अध्यक्ष  रेखा देवी, जिलाधिकारी  मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक  रेखा यादव, उपजिलाधिकारी श प्रमोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *