2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुटी कांग्रेस, प्रदेश पदाधिकारियों को सौंपी गईं संगठनात्मक जिम्मेदारियां

Share on Social Media


देहरादून। उत्तराखंड में आगामी वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस ने पार्टी संगठन को मजबूत, सक्रिय और प्रभावी बनाने की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों को विभिन्न जिलों, महानगरों, विधानसभा क्षेत्रों, अनुषांगिक संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के प्रभारी की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस पहल का उद्देश्य प्रदेशभर में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देना, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा पार्टी को बूथ स्तर तक सशक्त बनाना है।

उपरोक्त जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि ने बताया कि पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को गंभीरता से आगे बढ़ा रहा है। इसी क्रम में प्रदेश पदाधिकारियों की संगठनात्मक क्षमता, अनुभव और कार्यकुशलता को ध्यान में रखते हुए उन्हें विभिन्न जिम्मेदारियां आवंटित की गई हैं, ताकि प्रदेश में कांग्रेस संगठन की गतिविधियों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए महर्षि ने कहा कि कांग्रेस लगातार बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बिगड़ती कानून-व्यवस्था, महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों तथा युवाओं और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता के बीच संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त प्रभारी पदाधिकारी इन विषयों को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ पार्टी के अभियान को और प्रभावी बनाएंगे। कांग्रेस जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को केंद्र में रखकर संगठन को मजबूत करेगी तथा आगामी विधानसभा चुनाव में एकजुट होकर मैदान में उतरेगी।

प्रदेश कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारियों को भी जल्द मिलेगी जिम्मेदारी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा है कि जिन प्रदेश पदाधिकारियों को अभी तक कार्य आवंटित नहीं किया गया है, उन्हें भी आगामी समय में जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। इसके साथ ही प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी के अतिरिक्त पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी शीघ्र ही संगठनात्मक कार्य आवंटित किए जाएंगे।

पार्टी नेतृत्व को विश्वास है कि प्रदेश पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपे जाने से कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी, संगठनात्मक गतिविधियां अधिक प्रभावी होंगी और आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों को मजबूती मिलेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *