विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प को साकार करने में उद्यमियों, किसानों और नवाचारकर्ताओं की अहम भूमिका: मुख्यमंत्री धामी

Share on Social Media


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित ‘विकसित उत्तराखण्ड – यात्रा जारी है’ संवाद कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले उद्यमियों, नवाचारकर्ताओं, प्रगतिशील किसानों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों से संवाद किया। उन्होंने प्रतिभागियों के अनुभवों, उपलब्धियों और सुझावों को सुनते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

नियोजन विभाग एवं देवभूमि डायलॉग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में उत्तराखण्ड निरंतर आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में पर्यटन, ऊर्जा, कृषि, स्टार्टअप और स्वरोजगार के क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं हैं। पिछले पांच वर्षों में राज्य में स्टार्टअप की संख्या लगभग 700 से बढ़कर 1700 से अधिक हो गई है।

संवाद के दौरान चम्पावत के राहुल नरियाल ने सौर ऊर्जा एवं बैटरी से चलने वाली कार तैयार करने, उत्तरकाशी के जयप्रकाश ने डेयरी व्यवसाय, पौड़ी के नवीन पटवाल ने गुच्छी मशरूम उत्पादन तथा ऊधमसिंह नगर के विकास कुमार शाह ने 10 करोड़ रुपये से अधिक टर्नओवर वाले स्टार्टअप की जानकारी साझा की। चमोली के राजेश ने गांव लौटकर रोजमेरी एवं हर्बल उत्पादों के माध्यम से स्वरोजगार और रिवर्स पलायन की मिसाल प्रस्तुत की, जबकि डॉ. हरपाल नेगी ने औषधीय वनस्पतियों के उत्पादन से 300 से अधिक लोगों को जोड़ने के प्रयासों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में एकीकृत कृषि, बागवानी, पिरूल से उपयोगी उत्पाद निर्माण, मोटे अनाज की बेकरी, समावेशी शिक्षा और विदेशों में रोजगार प्राप्त करने वाले युवाओं के अनुभव भी साझा किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय संसाधनों, प्रतिभा और नवाचार के माध्यम से रोजगार के नए अवसर सृजित कर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाया जा सकता है। राज्य सरकार युवाओं को उद्यमिता एवं स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

इस अवसर पर देवभूमि डायलॉग के संपादक रमेश भट्ट ने सफल युवाओं की उपलब्धियों पर आधारित वीडियो प्रस्तुतीकरण दिया।

कार्यक्रम में महामंडलेश्वर अवधूत गिरि महाराज, मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष धीरेंद्र पंवार, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु एवं डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय एवं सी. रविशंकर, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *