देहरादून। लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पांडेय ने शनिवार सुबह छह बजे देहरादून के प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर सड़क सुधार कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को 18 अक्टूबर तक प्रदेश की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने कालीदास रोड टर्न, कैनाल रोड, नागल, मसूरी डायवर्जन, सहस्रधारा तिराहा, लाडपुर, जोगीवाला, रिस्पना पुल, घंटाघर, चकराता रोड और गढ़ी कैंट सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क सुधार एवं गड्ढा भरान कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सचिव ने कहा कि सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। आमजन को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान अपर सचिव विनीत कुमार, मुख्य अभियंता दयानंद, अधीक्षण अभियंता ओमपाल सिंह एवं अरुण पांडेय, अधिशासी अभियंता बी.एन. द्विवेदी सहित संबंधित अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे।
