हरिद्वार। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने हरिद्वार कुंभ-2027 के दिव्य एवं भव्य आयोजन के लिए सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। गुरुवार को मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में कुंभ की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
महाराज ने कहा कि कुंभ में संभावित श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पिछले आयोजनों के अनुभवों के आधार पर व्यापक कार्ययोजना तैयार की जाए। भीड़ प्रबंधन, यातायात, पार्किंग, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता, पेयजल और आपदा प्रबंधन की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए। कुंभ के लिए विकसित की जा रही आधारभूत सुविधाओं का लाभ हरिद्वारवासियों को वर्षभर मिलना चाहिए।
उन्होंने बसों और ट्रेनों के संचालन की ठोस योजना बनाने तथा उसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन संबंधी जानकारी समय से मिल सके। भीड़भाड़ वाले दिनों में भगदड़ जैसी घटनाओं की आशंका को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने, ट्रेनों के प्रस्थान से ठीक पहले प्लेटफॉर्म बदलने से बचने तथा आपात स्थिति में श्रद्धालुओं की सुरक्षित निकासी के लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार रखने को कहा।
कैबिनेट मंत्री ने पर्याप्त पार्किंग स्थलों के विकास और पार्किंग स्थलों एवं अस्थायी बस अड्डों से प्रमुख घाटों तक श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने के लिए शटल बस सेवा संचालित करने पर जोर दिया। उन्होंने कुंभ क्षेत्र की सड़कों, मंदिरों और घाटों तक जाने वाले मार्गों की मरम्मत तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अंतर्गत आने वाली सड़कों को सुचारु रखने के निर्देश दिए। सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों के साथ रोपवे की भी गुणवत्ता जांच कराने को कहा।
उन्होंने कुंभ के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रमुख घाटों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। घाटों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के साथ बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों के लिए रैंप और पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम उपलब्ध कराने को भी कहा।
स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में महाराज ने अस्पतालों, एंबुलेंस, आवश्यक दवाओं, चिकित्सा उपकरणों और चिकित्साकर्मियों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रभावी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार कर उसका कड़ाई से पालन कराने पर जोर दिया।
स्वच्छता व्यवस्था के तहत उन्होंने कूड़ा प्रबंधन, सीवरेज निस्तारण और पर्याप्त साफ-सुथरे शौचालयों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। पेयजल की नियमित निगरानी, पानी की टंकियों की समय पर सफाई तथा स्वच्छ पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। इसके अतिरिक्त निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं दूरसंचार सेवाओं की उपलब्धता बनाए रखने तथा हरिद्वार के प्रमुख मंदिरों, पुलों और घाटों को आकर्षक स्वरूप देने के लिए सजावट, अग्रभाग सुधार और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
महाराज ने कहा कि हरिद्वार कुंभ-2027 उत्तराखंड की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसके लिए राज्य की सांस्कृतिक परंपराओं और धार्मिक विरासत का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। साधु-संतों की शोभायात्राओं के दौरान पुष्पवर्षा, स्वागत और अभिनंदन की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
मेला अधिकारी ने दी तैयारियों की जानकारी
मेला अधिकारी सोनिका ने कुंभ-2027 की तैयारियों एवं विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अधिकांश कार्य निर्धारित समयसीमा के अनुरूप आगे बढ़ रहे हैं। पुलों, घाटों और सड़कों से संबंधित प्रमुख परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जा रही है। कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा सभी कार्य निर्धारित समय पर पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित, नगर आयुक्त नंदन कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र,अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती, सिटी मजिस्ट्रेट हरिद्वार हर गिरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। देहरादून, पौड़ी गढ़वाल और टिहरी गढ़वाल के अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में प्रतिभाग किया।
