उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी जनपद के पुरोला विधानसभा क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ (कुंवा) में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित सेवा सेतु अभियान के जनसेवा शिविर में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लगभग 217 करोड़ रुपये की लागत के 38 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 30 योजनाओं का शिलान्यास और 8 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का शुभारंभ करते हुए महाविद्यालय के स्थायी भवन एवं परिसर का निर्माण शीघ्र शुरू करने, राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम बनाने तथा बर्नीगाड़ थाला चौक से राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ तक मोटर मार्ग निर्माण की घोषणा की। उन्होंने राजकीय महाविद्यालय बड़कोट एवं चिन्यालीसौड़ को उच्चीकृत करने तथा डाडा गांव छानी से टटाऊ तक पुल एवं सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की बात भी कही।
उन्होंने जनसेवा शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और लाभार्थियों को चेक एवं उपकरण वितरित किए। उन्होंने अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए आमजन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य सरकार को जनता के द्वार तक पहुंचाना और लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि उन्हें छोटे-छोटे कार्यों के लिए तहसील एवं जिला मुख्यालय के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं से क्षेत्र में सड़क संपर्क, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी तथा पर्यटन, रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। राजकीय महाविद्यालय के शुभारंभ से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार गरीबों, किसानों, युवाओं, सैनिकों और मातृशक्ति के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 3 लाख 10 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, एकल महिला स्वरोजगार योजना और सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसी पहलें महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यात्रा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने समान नागरिक संहिता, सख्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून को राज्य सरकार के प्रमुख कदम बताते हुए कहा कि अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई में 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि मुक्त कराई गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया उपलब्ध कराने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। राज्य सरकार दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क तथा रोजगार की सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इस अवसर पर पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेन्द्र चौहान, विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
