देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीवीआईपी की भूमिका की निष्पक्ष जांच और भाजपा नेता दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के निर्णय पर पुनर्विचार की मांग को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पत्रकार वार्ता आयोजित की। पत्रकार वार्ता को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रीतम सिंह, डॉ. हरक सिंह रावत और प्रदेश सहप्रभारी सुरेन्द्र शर्मा ने संबोधित किया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीवीआईपी की भूमिका को लेकर उठ रहे सवालों का अब तक संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। ऐसे में संबंधित सार्वजनिक आरोपों की निष्पक्ष जांच और पूरे मामले का सच जनता के सामने लाना आवश्यक है। कांग्रेस ने राष्ट्रपति से मामले की समयबद्ध सीबीआई जांच कराने, दुष्यंत कुमार गौतम की राज्यपाल नियुक्ति पर पुनर्विचार करने तथा अंकिता के परिजनों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देने के लिए राजभवन से मुलाकात का समय मांगा गया था, लेकिन समय नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों की अनदेखी बताया।
पत्रकार वार्ता के बाद गणेश गोदियाल, हरीश रावत, प्रीतम सिंह, डॉ. हरक सिंह रावत और सुरेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजभवन के गेट पर धरना-प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन प्रेषित किया। कांग्रेस ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने का संघर्ष महिला सम्मान, निष्पक्ष जांच और कानून के शासन की रक्षा का सवाल है।
