उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों की समीक्षा, निर्वाचन आयोग ने अधिकारियों को दिए निर्देश

Share on Social Media


देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की तैयारियों को लेकर भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित दो दिवसीय उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक मंगलवार को संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश के दोनों मंडलों के आयुक्त, सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक सहित केंद्र और राज्य सरकार की 21 प्रवर्तन एजेंसियों के अधिकारियों ने चुनाव तैयारियों का विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया।

देहरादून के राजपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित बैठक में वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग, महानिदेशक मीडिया आशीष गोयल, महानिदेशक आईटी सीमा खन्ना तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम सहित आयोग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के पहले दिन जिलाधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों और जिला ईवीएम नोडल अधिकारियों के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (ईवीएम-एफएलसी) संबंधी कार्यशाला आयोजित की गई। आयोग ने इस दौरान आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दूसरे दिन जिलाधिकारियों ने अपने-अपने जनपदों की चुनावी तैयारियों का विवरण प्रस्तुत किया। पुलिस अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और सुरक्षा बलों की तैनाती की योजनाओं की जानकारी दी। अर्द्धसैनिक बलों, आबकारी, जीएसटी, परिवहन, वन विभाग, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और कस्टम सहित 21 एजेंसियों ने भी अपनी तैयारियों का प्रस्तुतिकरण दिया।

भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने अब तक की तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए सभी अधिकारियों को निर्धारित निर्वाचन योजनाकार के अनुसार समयबद्ध ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि विधानसभा चुनाव 2027 का संचालन निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में प्रधान सचिव एस.बी. जोशी, बी.के. पाठक, कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत, गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप, आईजी निलेश आनंद भरणे, आईजी कुमाऊं रेंज नवनीता कुकरेती, प्रभारी आईजी गढ़वाल रेंज विमि सचदेवा, स्टेट पुलिस नोडल आईजी कृष्ण कुमार वीके, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे सहित सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *