अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस का सत्याग्रह, कथित वीवीआईपी प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग

Share on Social Media


देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीवीआईपी की भूमिका को लेकर उठ रहे सवालों तथा भाजपा नेता दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के विरोध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में मंगलवार को देहरादून के ऐतिहासिक गांधी पार्क में मौन उपवास एवं सत्याग्रह आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर अंकिता को न्याय दिलाने की मांग उठाई।

गणेश गोदियाल ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड उत्तराखंड की अस्मिता, बेटियों की सुरक्षा और मातृशक्ति के सम्मान से जुड़ा संवेदनशील मामला है। उन्होंने कहा कि कथित वीवीआईपी की भूमिका को लेकर उठ रहे सवालों का संतोषजनक जवाब अब तक सामने नहीं आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सीबीआई जांच में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है और सरकार को मामले से जुड़े सभी तथ्यों को पारदर्शी तरीके से जनता के सामने रखना चाहिए।

गोदियाल ने दुष्यंत कुमार गौतम की राज्यपाल पद पर नियुक्ति को लेकर भी सवाल उठाए और केंद्र सरकार से इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि आरोपों की सत्यता का निर्धारण निष्पक्ष जांच और न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से होना चाहिए तथा किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आने पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए सड़क से सदन तक लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रखेगी। सत्याग्रह में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों, महानगर एवं जिला इकाइयों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *