देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी निर्माण एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले से जुड़े ऐसे कार्य जिन्हें समानांतर रूप से किया जा सकता है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर साथ-साथ पूरा किया जाए, ताकि उपलब्ध समय का अधिकतम सदुपयोग हो और मेले की सभी व्यवस्थाएं समय से पहले तैयार की जा सकें।
मुख्य सचिव ने कहा कि जनगणना एवं निर्वाचन संबंधी कार्यों के कारण कुंभ मेले की तैयारियों के लिए आवश्यक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपलब्धता प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए संबंधित विभाग अभी से मानव संसाधन की आवश्यकता का आकलन करते हुए तैनाती की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें, ताकि मेले के दौरान पर्याप्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने कुंभ मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साइनेज व्यवस्था को प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रमुख स्थलों पर लगाए जाने वाले साइनेज में क्यूआर कोड की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, जिसके माध्यम से श्रद्धालुओं को संबंधित स्थल के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के साथ-साथ आवश्यक जानकारी आसानी से प्राप्त हो सके। कुंभ क्षेत्र की विभिन्न लोकेशन, पार्किंग, आवागमन एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए एक समर्पित मोबाइल ऐप तैयार करने की संभावनाओं पर भी कार्य करने को कहा।
मुख्य सचिव ने कहा कि कुंभ मेले के लिए विकसित की जा रही स्थायी व्यवस्थाओं का लाभ मेला समाप्त होने के बाद भी आमजन एवं श्रद्धालुओं को मिलता रहे, इसके लिए उनके संचालन एवं रख-रखाव की कार्ययोजना अभी से तैयार की जाए। उन्होंने अस्थायी पुलों के निर्माण कार्य की निरंतर मॉनिटरिंग करते हुए इन्हें नवम्बर माह के अंत तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।
कुंभ मेला क्षेत्र में पार्किंग की पर्याप्त एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी मुख्य सचिव ने विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सरकारी एवं सरकारी एजेंसियों की भूमि पर पार्किंग तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास से संबंधित कार्य तत्काल प्रारम्भ किए जाएं, ताकि मेला शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह तैयार रहें। उन्होंने नहरबंदी की अवधि में किए जाने वाले कार्यों की पूर्व तैयारी सुनिश्चित करते हुए इस अवधि का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश भी दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि कुंभ मेले के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुरक्षित बनाए रखना प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए वैकल्पिक मार्गों, पार्किंग, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते तैयार किया जाए।
उन्होंने मेलाधिकारी एवं संबंधित विभागाध्यक्षों को अपने-अपने स्तर पर कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि कुंभ जैसे विशाल आयोजन की सफलता के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय, समयबद्ध कार्यवाही और निरंतर मॉनिटरिंग आवश्यक है।
बैठक में प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, विनोद कुमार सुमन, आयुक्त गढ़वाल आनन्द स्वरूप एवं मेलाधिकारी सोनिका सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
