उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जनपद के प्रवास के दूसरे दिन उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गंगोत्री धाम पहुंचकर मां गंगा के साथ विश्वनाथ मंदिर एवं शक्ति मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां गंगा से प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
पूजा-अर्चना के पश्चात मुख्य सचिव ने गंगोत्री मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर धाम में संचालित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को व्यवस्थाओं को निरंतर बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए बर्द्धन ने अधिकारियों को व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी बनाए रखने को कहा। उन्होंने घाटों की स्वच्छता, नियमित साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घाटों एवं मंदिर परिसर के आसपास स्वच्छता व्यवस्था हर समय बेहतर बनी रहनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन एवं स्नान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यात्रा व्यवस्थाओं में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करने तथा किसी भी आवश्यकता की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं मंदिर समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।