सेवा सेतु, सरकार आपके द्वार, अभियान के तहत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक लगेंगे बहुउद्देशीय शिविर

Share on Social Media


देहरादून। सेवा संकल्प अभियान के तहत सचिवालय में कैबिनेट मंत्री  सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में ‘सेवा सेतु, सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि ‘सेवा सेतु’ अभियान के तहत प्रदेश के सभी जनपदों में प्रत्येक ब्लॉक एवं तहसील स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का उद्देश्य आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाना है।

उन्होंने निर्देश दिए कि शिविरों में विभिन्न विभागों के स्टॉल एवं प्रदर्शनी लगाई जाएं, जहां लोगों को योजनाओं, सेवाओं और विभागीय उपलब्धियों की जानकारी दी जाए। शिविर में पात्र लाभार्थियों का चयन कर उन्हें योजनाओं से जोड़ा जाए तथा आवेदन पत्र भरने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपस्थिति में मेडिकल कैंप आयोजित करने तथा ट्री प्रोटेक्शन एक्ट एवं मानव-वन्यजीव संघर्ष के संबंध में आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।

सुबोध उनियाल ने सभी जिलाधिकारियों को शिविरों की तिथि, स्थल, नोडल अधिकारी, विभागीय योजनाओं एवं उपलब्धियों सहित विस्तृत कार्ययोजना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्व में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रमों से अलग स्थानों पर शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सरकार की योजनाओं और सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार होर्डिंग्स, बैनर एवं अन्य माध्यमों से करने के भी निर्देश दिए।

उपाध्यक्ष राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति डॉ. विनय रोहिला ने बताया कि ‘सेवा सेतु’ अभियान 25 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। प्रत्येक तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर शिविर आयोजित होंगे और प्रत्येक शिविर कम से कम तीन दिनों तक संचालित किया जाएगा। शिविरों में होने वाली गतिविधियों एवं लाभान्वित लोगों की रिपोर्टिंग भी सुनिश्चित की जाएगी।

महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने बताया कि अभियान के तहत विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। शिविरों में पात्र व्यक्तियों का चयन, आवेदन पत्र भरने की सुविधा और योजनाओं के लाभार्थियों की सफलता की कहानियों का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा। साथ ही पात्र लोगों को मौके पर ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में सचिव विनय शंकर पाण्डेय, सी. रविशंकर,राजेन्द्र कुमार,अपर सचिव रोहित मीणा,सीसीएफ वन राहुल, सीडीओ देहरादून अभिनव शाह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सभी जनपदों के जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *