बेरोजगारी और पलायन के खिलाफ कांग्रेस का ‘काम मांगो अभियान’, प्रदेशभर में पंचायत स्तर तक पहुंचेगा संगठन

Share on Social Media

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस राजीव गांधी पंचायती राज संगठन की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय, देहरादून में आयोजित हुई। राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी दीपक राठौर की उपस्थिति तथा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ललित फर्स्वाण की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, ग्रामीण क्षेत्रों से युवाओं के पलायन और स्थानीय स्तर पर रोजगार के सीमित अवसरों को लेकर गंभीर मंथन किया गया। बैठक में प्रदेशभर में ‘काम मांगो अभियान’ शुरू करने का निर्णय लिया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ललित फर्स्वाण ने कहा कि उत्तराखंड का युवा रोजगार की तलाश में भटकने को मजबूर है। सरकार रोजगार और स्वरोजगार के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि युवाओं को उनकी योग्यता और आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त रोजगार उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘काम मांगो अभियान’ सरकार से रोजगार की भीख मांगने का अभियान नहीं, बल्कि युवाओं के अधिकार और सम्मानजनक रोजगार की मांग का अभियान है।

उन्होंने बताया कि अगले दो माह के भीतर प्रदेश के सभी 13 जिलों में कम से कम एक ब्लॉक में अभियान शुरू किया जाएगा। इसकी शुरुआत चमोली जनपद के जोशीमठ ब्लॉक से होगी। प्रथम चरण में चमोली के साथ हरिद्वार, देहरादून, ऊधमसिंहनगर और नैनीताल जनपदों में अभियान चलाया जाएगा।

ललित फर्स्वाण ने कहा कि राजीव गांधी पंचायती राज संगठन गांव, गरीब, किसान, मजदूर और युवा की आवाज को पंचायत स्तर से प्रदेश स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। ‘काम मांगो अभियान’ के माध्यम से युवाओं और ग्रामीण जनता की रोजगार संबंधी समस्याओं को सामने लाकर सरकार पर ठोस कदम उठाने का दबाव बनाया जाएगा।

संगठन के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी दीपक राठौर ने कहा कि उत्तराखंड के गांवों को मजबूत किए बिना राज्य का समग्र विकास संभव नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय संसाधनों, मनरेगा, लघु एवं कुटीर उद्योग, कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और स्वरोजगार के माध्यम से व्यापक स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को ठोस एवं दीर्घकालिक रोजगार नीति बनानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती, भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता, स्वरोजगार योजनाओं को प्रभावी बनाने तथा गांवों में रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए सरकार को तत्काल कदम उठाने होंगे।

बैठक में तय किया गया कि ‘काम मांगो अभियान’ को प्रदेश के प्रत्येक जनपद, ब्लॉक और ग्राम पंचायत तक पहुंचाया जाएगा। अभियान के दौरान युवाओं, ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों से संवाद कर रोजगार से जुड़ी समस्याओं को चिन्हित किया जाएगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने की मांग को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अभियान को प्रदेश के प्रत्येक गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया। बैठक के बाद पत्रकार वार्ता का भी आयोजन किया गया।

बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी, आरजीपीआरएस गढ़वाल मंडल प्रभारी गंभीर सिंह जयाड़ा, देहरादून प्रभारी धीरज देसाई, हीरा पाल सिंह, हरिद्वार प्रभारी विमल भारती, रुड़की प्रभारी गौरव शर्मा, नैनीताल प्रभारी सौरभ, हल्द्वानी महानगर अध्यक्ष विजय, ऊधमसिंहनगर प्रभारी विमल साहू, रुड़की जिला प्रभारी मो. ईशा त्यागी, संयोजक महेश त्रिकोटी, हल्द्वानी जिलाध्यक्ष राधा आर्य, मनोज बिष्ट, कोटद्वार जिलाध्यक्ष रूपेंद्र नेगी, उत्तरकाशी जिलाध्यक्ष हंसपाल बिष्ट, पौड़ी जिलाध्यक्ष मुकेश बिष्ट तथा प्रदेश महासचिव हेम पगड़िया सहित संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *