जिला सहकारी बैंकों के नवनिर्वाचित अध्यक्षों ने मुख्यमंत्री धामी से की भेंट, सहकारिता को मजबूत बनाने पर दिया जोर

Share on Social Media


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज सचिवालय में प्रदेश के विभिन्न जिला सहकारी बैंकों के नवनिर्वाचित अध्यक्षों ने भेंट कर शुभकामनाएं दी। उन्होंने सभी अध्यक्षों को निर्विरोध निर्वाचन पर बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सहकारिता उत्तराखंड की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। जिला सहकारी बैंक किसानों, ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने के साथ ही स्वरोजगार तथा स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में अहम माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाओं को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनहित केंद्रित बनाकर ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति दी जा सकती है।

उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्षों से अपेक्षा की कि वे पारदर्शिता, सुशासन और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सहकारिता क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाने के लिए कार्य करेंगे तथा सहकारी बैंकों की पहुंच समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने एवं किसानों एवं ग्रामीण क्षेत्र की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जाने चाहिए।

मुख्यमंत्री से भेंट करने वालों में जिला सहकारी बैंक देहरादून के अध्यक्ष मंजीत रावत,चमोली के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, जिला सहकारी बैंक गढ़वाल (कोटद्वार) के अध्यक्ष पंकज रावत, टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष सुभाष चंद रमोला तथा हरिद्वार के अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह चौधरी शामिल रहे। सभी नवनिर्वाचित अध्यक्ष हाल ही में जिला सहकारी बैंकों के अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास एवं राम सिंह कैड़ा भी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *