देहरादून में 13 सितंबर को 54 केंद्रों पर होंगी UPSC की CDS, NDA एवं NA परीक्षाएं

Share on Social Media


देहरादून। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आगामी 13 सितंबर 2026 (रविवार) को कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (CDS), नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) एवं नेवल एकेडमी (NA) की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। जनपद देहरादून में इन परीक्षाओं के लिए कुल 54 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न संचालन को लेकर अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा ने सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को संघ लोक सेवा आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा से संबंधित सीलबंद बॉक्स प्राप्त होने के बाद प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर प्राप्त बॉक्स की संख्या एवं विवरण निर्धारित समय में उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा से एक दिन पूर्व परीक्षा केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में आयोग के अधिकारियों ने परीक्षा आयोजन से संबंधित दिशा-निर्देशों एवं व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी दी। बताया गया कि सीडीएस परीक्षा में 8,001 अभ्यर्थी तथा एनडीए एवं एनए परीक्षा में 13,797 अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे।

सीडीएस परीक्षा तीन पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली प्रातः 9 से 11 बजे, द्वितीय पाली दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तथा तृतीय पाली शाम 4 से 6 बजे तक होगी। वहीं एनडीए एवं एनए परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली प्रातः 10 से 12:30 बजे तथा द्वितीय पाली दोपहर 2 से 4:30 बजे तक संपन्न होगी।

अपर जिलाधिकारी ने परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने को कहा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *