देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की उपस्थिति एवं चाकीसैंण ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मंगल सिंह नेगी के नेतृत्व में भाजपा ओबीसी विभाग के पौड़ी जिला उपाध्यक्ष दिनेश सिंह पंवार समेत सैकड़ों लोगों ने भारतीय जनता पार्टी छोड़कर कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस की रीति-नीतियों में विश्वास जताते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में आस्था व्यक्त की।
बड़ी संख्या में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने वाले लोगों को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने माला एवं पटका पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए लोगों ने कहा कि भाजपा केवल झूठे वादों और दावों के सहारे सत्ता हासिल करना चाहती है। प्रदेश की आम जनता महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और महिला अपराध जैसी समस्याओं से परेशान है, लेकिन सरकार इन गंभीर मुद्दों का समाधान करने में विफल रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा समाज के हर वर्ग, जाति और धर्म का सम्मान करते हुए देश और प्रदेश के विकास तथा सामाजिक समरसता के लिए कार्य किया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पार्टी में शामिल हुए सभी लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस एक लोकतांत्रिक एवं समावेशी विचारधारा वाली पार्टी है, जो सभी धर्मों, वर्गों, समुदायों और जातियों का सम्मान करती है। आजादी के आंदोलन से लेकर देश के निर्माण तक कांग्रेस ने राजनीतिक भूमिका के साथ-साथ सामाजिक सुधार और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहली निर्वाचित कांग्रेस सरकार ने राज्य के विकास की मजबूत नींव रखी थी। कांग्रेस सरकार ने स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना को बढ़ावा दिया और पलायन रोकने के साथ ही सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद विकास के इस ढांचे को मजबूत करने के बजाय उसे कमजोर करने का काम किया है।
गोदियाल ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में धार्मिक एवं सामाजिक सद्भाव को कमजोर करने तथा धर्म के नाम पर राजनीतिक ध्रुवीकरण के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था बदहाल स्थिति में है। महिला अपराध की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, शिक्षित बेरोजगार रोजगार की तलाश में सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं और विद्यालयों में शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि जनता भाजपा सरकार की नीतियों और कथित कुशासन से त्रस्त हो चुकी है तथा एक बार फिर कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रही है। कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के साथ ही उन कार्यकर्ताओं और कांग्रेसजनों के हितों की रक्षा के लिए भी पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेगी, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में पार्टी का साथ दिया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आज कांग्रेस में शामिल होने वाले साथियों से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को इसका लाभ मिलेगा।
कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने वालों में भाजपा ओबीसी विभाग के पौड़ी जिला उपाध्यक्ष दिनेश सिंह पंवार के अलावा भरत सिंह पंवार, मनवर सिंह पंवार, दिलवर सिंह पंवार, हर्ष सिंह पंवार, मुकेश पंवार, विकास पंवार, कुलदीप पंवार, मनोज पंवार, कमल बिष्ट, सुरेन्द्र सिंह पंवार, दिनेश बिष्ट, अर्जुन पंवार, मोहित पंवार, दिलवर सिंह बिष्ट, दीवान सिंह बिष्ट, अरविन्द सिंह कंडारी, अंकित चौहान, पंकज गौड़, भुवेन्द्र गौड़, सोहन सिंह, सुनील पंत, राजेन्द्र, सुरेन्द्र, धन सिंह, कलम सिंह, वीर सिंह, नितिन पंवार, पूर्व सैनिक आनन्द सिंह पंवार, प्रकाश मुडेपी, रणजीत सिंह रावत, धीरज पंवार, राहुल सिंह तथा प्रधान शशि कला सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।