देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में विकास, धार्मिक पर्यटन एवं जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों के लिए लगभग ₹86 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृत धनराशि से सड़क, मंदिर सौंदर्यीकरण, घंटाघर निर्माण तथा विश्वविद्यालय के वेतन-भत्तों सहित विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे।
उन्होंने जनपद पिथौरागढ़ के विधानसभा क्षेत्र पिथौरागढ़ में न्याय पंचायत बीसाबजेड से ग्राम विपुल तक संपर्क सीसी रैलिंग मार्ग के निर्माण के लिए ₹49.64 लाख की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन प्रदान किया है।
जनपद अल्मोड़ा के विधानसभा क्षेत्र रानीखेत के विकासखंड ताड़ीखेत में ग्राम दुभणा स्थित प्राचीन चमूथान मंदिर, रानीखेत के झूला देवी मंदिर एवं शिव मंदिर, बिल्लेख स्थित देवी मंदिर, चमड़खान के ग्येल देवता मंदिर तथा खुशालकोट स्थित शिव मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹3.34 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।
जनपद देहरादून के विधानसभा क्षेत्र डोईवाला के अठूरवाला टिहरी विस्थापित क्षेत्र में घंटाघर निर्माण के लिए ₹97 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके साथ ही गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में वेतन-भत्तों आदि के लिए ₹150 करोड़ के सापेक्ष द्वितीय किस्त के रूप में ₹80 करोड़ की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन किया गया है।
जनपद चमोली के विधानसभा क्षेत्र थराली के विकासखंड नंदानगर में ग्राम पंचायत सुतोल स्थित ध्योसिंह धाम मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹19.56 लाख, ग्राम पंचायत रामणी में गोरिया राजा मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹9.93 लाख तथा ग्राम पंचायत चोपता चौरी में मां गिरिजा भवानी मंदिर के समीप नवनिर्मित धर्मशाला के अवशेष कार्यों के लिए ₹33.72 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
इसी प्रकार विकासखंड नारायणबगड़ के ग्राम पंचायत मींग में मींगेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹20.24 लाख तथा ग्राम पंचायत कौब स्थित महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹39.62 लाख की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं के विकास, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता देते हुए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। इन स्वीकृतियों से स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को गति मिलने के साथ ही क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।