देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी सीईओ डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तराखंड में SIR के तहत अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तिथि बढ़ाकर 3 अक्टूबर 2026 कर दी है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर को प्रकाशित होनी थी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी बताया कि प्रदेश में कुल 24 लाख 30 हजार नोटिसों के सापेक्ष 99 प्रतिशत से अधिक नोटिसों की सुनवाई पूरी की जा चुकी है। वहीं फार्म-6, 7 और 8 से संबंधित करीब 40 प्रतिशत मामलों की सुनवाई भी पूरी हो गई है।
उन्होंने बताया कि आयोग के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई 28 सितंबर 2026 तक जारी रहेगी। इसके बाद 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।कहा कि SIR प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य किया जा रहा है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी तथा सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास उपस्थित रहे।