देहरादून। जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित किया गया। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 120 शिकायतें प्राप्त हुईं।
जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ई-ऑफिस, मुख्यमंत्री घोषणाओं तथा सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की और लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने को कहा।
जनसुनवाई में ऋषिकेश के जर्जर भवनों को खाली कराने, भूमि धोखाधड़ी, लाखों रुपये की धनराशि वापस न मिलने, जर्जर विद्यालय भवन, सड़क पर बोल्डर गिरने, अवैध मोबाइल टावर, मकान पर कब्जे, पारिवारिक उत्पीड़न, अतिक्रमण तथा दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त सिंचाई नहरों की मरम्मत सहित विभिन्न मामले सामने आए।
जिलाधिकारी ने गंभीर मामलों में संबंधित एसडीएम, पुलिस अधिकारियों, नगर निगम, एमडीडीए, शिक्षा विभाग, एनएच एवं अन्य विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। मारपीट के एक मामले में मौके पर ही प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए, जबकि जर्जर भवनों और विद्यालय भवन से जुड़े मामलों में सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण महज औपचारिकता न हो, बल्कि प्रत्येक शिकायत का स्थायी, प्रभावी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।