कांग्रेस का हल्ला बोल,मुख्यमंत्री आवास घेराव कर सरकार पर साधा निशाना

Share on Social Media


देहरादून। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के अपमान,प्रदेश में बढ़ते महिला अपराध, पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, किसानों के उत्पीड़न तथा जमीनों की संदिग्ध नीलामी के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सोमवार को राजधानी देहरादून में कांग्रेस ने “हल्ला बोल मुख्यमंत्री आवास घेराव” कार्यक्रम आयोजित किया। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की उपस्थिति में आयोजित इस प्रदर्शन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

मुख्यमंत्री आवास कूच से पहले परेड ग्राउंड में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे की हल्द्वानी में हुई सभा के बाद भाजपा से सम्बंधित संगठनों द्वारा शुद्धिकरण को संविधान का अपमान बताया उन्होंने कहा कि इससे भाजपा की घोर जातिवादी दलित विरोधी मानसिकता उजागर हो चुकी है। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित अपमान को लेकर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि खड़गे देश के वरिष्ठ नेता, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं। उनका अपमान केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान है। कांग्रेस ऐसी मानसिकता के खिलाफ पूरी ताकत से आवाज उठाएगी।

प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज तक भाजपा सरकार ने उन लोगों के खिलाफ एफआईआर तक दर्ज नहीं की है कांग्रेस इस मुद्दे को जनता के बीच लेकर जाएगी तथा जब तक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी चैन से नहीं बैठेगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सड़कों पर किसी राजनीतिक स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई लड़ने के लिए उतरी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं ने मेहनत और ईमानदारी से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की, लेकिन पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं ने उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि आखिर बार-बार भर्ती परीक्षाओं को लेकर विवाद क्यों सामने आते हैं और बेरोजगार युवाओं को न्याय कब मिलेगा?

गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस की स्पष्ट मांग है कि प्रदेश में होने वाली प्रत्येक भर्ती परीक्षा पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ आयोजित हो। जिन मामलों में अनियमितताओं के आरोप लगे हैं, उनकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि “नौकरियां बेचने” जैसी गंभीर शिकायतों से प्रदेश के युवाओं में पैदा हुए आक्रोश का सरकार को जवाब देना होगा। कांग्रेस युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी।
महिला सुरक्षा के मुद्दे पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में महिलाएं यदि सुरक्षित नहीं हैं तो सरकार के तमाम विकास और सुशासन के दावे खोखले हैं। महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई, पीड़ितों को न्याय और दोषियों को कठोर दंड मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिला सुरक्षा के मुद्दे को लेकर सरकार को लगातार घेरती रहेगी।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के किसान भी आज अनेक समस्याओं से जूझ रहे हैं। बढ़ती लागत, महंगाई, बाजार की समस्याओं और किसानों से जुड़े मामलों में उत्पीड़न की शिकायतों पर सरकार को संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए। किसानों को न्याय और उचित मुआवजा दिलाना सरकार की जिम्मेदारी है।

जमीनों की कथित अनैतिक एवं संदिग्ध नीलामी के मुद्दे पर  कहा कि उत्तराखंड की जमीन और प्राकृतिक संसाधन यहां की जनता की अमूल्य धरोहर हैं। किसी भी अपारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से प्रदेश की जमीनों और संसाधनों का दुरुपयोग कांग्रेस स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि जनता के हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।

इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी शैलजा ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे केवल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ही नहीं, बल्कि देश के वरिष्ठ दलित नेता एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं। उनके प्रति किसी भी प्रकार का अपमान लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों का अपमान है। कांग्रेस पार्टी जातिवादी और लोकतंत्र विरोधी मानसिकता को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।

कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, सीडब्ल्यूसी सदस्य  गुरदीप सिंह सप्पल राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश सहप्रभारी  सुरेन्द्र शर्मा एवं मनोज यादव, सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा, प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, राष्ट्रीय सचिव एवं दिल्ली प्रभारी काजी निजामुद्दीन, पूर्व राष्ट्रीय सचिव एवं पश्चिम बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी सहित पार्टी के विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, प्रदेश पदाधिकारी, एआईसीसी एवं पीसीसी सदस्य तथा विभिन्न विभागों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर पूर्व मेयर रुड़की यशपाल राणा, पूर्व प्रमुख एवं वर्ष 2002 में विधानसभा प्रत्याशी रहे भुवनेश खर्कवाल,  मनोज सैनी,रविन्द्र आनंद रामकुमार वालिया एवं एडवोकेट  सचिन कुमार ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *