सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ देहरादून में सघन अभियान, उल्लंघन पर चालान और जुर्माने की कार्रवाई

Share on Social Media


देहरादून। माननीय उच्च न्यायालय, नैनीताल के आदेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करते हुए जिला प्रशासन देहरादून ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ व्यापक चेकिंग एवं जागरूकता अभियान शुरू किया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशन में नगर निगम के सभी 100 वार्डों की नियमित निगरानी के लिए 50 सेक्टर अधिकारियों की तैनाती की गई है।

अभियान के तहत नगर निगम एवं प्रशासन की टीमों ने विभिन्न वार्डों में सघन चेकिंग करते हुए प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग, भंडारण एवं बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।

वार्ड-78 टर्नर रोड एवं वार्ड-79 भारूवाला में जिला सूचना अधिकारी के नेतृत्व में 32 दुकानों एवं प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री पाए जाने पर दो दुकानों का कुल ₹1,000 का चालान किया गया।
वहीं, वार्ड-04 राजपुरा में जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल एवं सेनेटरी इंस्पेक्टर राखी रावत के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान 22 दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त किया गया तथा ₹6,700 का जुर्माना वसूला गया।

अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे सिंगल यूज प्लास्टिक का भंडारण अथवा बिक्री न करें और इसके स्थान पर पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों का प्रयोग करें।
सजा के साथ जागरूकता पर भी जोर

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान और जुर्माना लगाना नहीं, बल्कि व्यापारियों एवं आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी है। प्रशासन ने दूनवासियों से अपील की है कि देहरादून को स्वच्छ, हरा-भरा और प्लास्टिक-मुक्त बनाने के लिए प्रशासन का सहयोग करें तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचें।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *