देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड के निर्देशों के क्रम में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य की प्रगति की समीक्षा के लिए मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले की सभी 10 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में एसआईआर के तहत मतदाता सूची में एनोमली, नो मैपिंग, मतदाताओं को जारी नोटिस तथा दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने बताया कि जनपद की 10 विधानसभा सीटों के लिए कुल 11,90,805 मतदाताओं का ड्राफ्ट रोल तैयार किया गया है। इनमें 3,95,772 मतदाताओं के विवरण में एनोमली तथा 1,52,170 मतदाताओं के नो मैपिंग के मामले सामने आए हैं। इस प्रकार कुल 5,47,942 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें से 5.25 लाख से अधिक मामलों में सुनवाई पूरी हो चुकी है तथा जारी नोटिसों के सापेक्ष लगभग 96 प्रतिशत मामलों की सुनवाई पूर्ण की जा चुकी है।
मुख्य विकास अधिकारी ने शेष मामलों में भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुनवाई एवं आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध रूप से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एसआईआर कार्य में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में 15 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक प्राप्त प्रारूप-6, 7 एवं 8 के दावों एवं आपत्तियों की भी समीक्षा की गई। इस अवधि में कुल 59,978 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें प्रारूप-6 के 39,025, प्रारूप-7 के 10,235 तथा प्रारूप-8 के 10,718 आवेदन शामिल हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से नो मैपिंग एवं एनोमली से संबंधित मामलों में अभिलेखों का समुचित सत्यापन करने के बाद ही आगे की कार्यवाही करने को कहा।
उन्होंने क्षेत्र में तैनात कार्मिकों के कार्यों को नियमित निगरानी करने तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम अनावश्यक रूप से प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक स्तर पर पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र देवली, सीपीआई (एम) से अनंत आकाश, कांग्रेस से सुनील जायसवाल, बसपा से सतेन्द्र सिंह, भीमराव एवं सतेन्द्र चोपड़ा सहित संबंधित ईआरओ ऑनलाइन माध्यम से जुड़े रहे।