गैरसैंण विधानसभा घेराव में गणेश गोदियाल ने उठाए जनहित के मुद्दे, महिला अपराध,महंगाई-बेरोजगारी को लेकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना

Share on Social Media


गैरसैंण। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आज गैरसैंण में भाजपा सरकार की नीतियों, महिला अपराध,बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और उत्तराखंड की ज्वलंत जनसमस्याओं के विरोध में विधानसभा घेराव एवं प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग कर प्रदेश की जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया तथा सरकार से जनसमस्याओं के समाधान और अपनी नीतियों के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।

इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड की जनता ने प्रदेश के विकास, महिला सम्मान और सुरक्षा,युवाओं के भविष्य और आम लोगों के जीवन में बेहतरी की उम्मीद के साथ सरकार को जिम्मेदारी सौंपी थी। लेकिन आज महिला अपराध, महंगाई, बेरोजगारी और विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जनता के सामने अनेक चुनौतियां हैं। सरकार का दायित्व है कि वह जनता की परेशानियों को गंभीरता से सुने और उनका समाधान करने के लिए ठोस कदम उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों से मुंह नहीं मोड़ेगी और प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।

गोदियाल ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका केवल सरकार की नीतियों पर सवाल उठाने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता की समस्याओं को सरकार के सामने मजबूती से रखना भी उसका महत्वपूर्ण दायित्व है। जब आम आदमी महंगाई से परेशान हो, महिला अपराध और अत्याचार में राज्य अबल हो,युवा रोजगार के अवसरों की प्रतीक्षा कर रहे हों और प्रदेश की ज्वलंत समस्याओं पर जनता जवाब मांग रही हो, तब कांग्रेस की जिम्मेदारी है कि वह उनकी आवाज बने। उन्होंने सरकार से जनहित के मुद्दों पर स्पष्ट जवाब देने और समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।

विधानसभा घेराव के दौरान उमड़े जनसमूह का उल्लेख करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और अन्य जनसमस्याओं को लेकर लोगों की चिंताओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता सरकार के कार्यों और नीतियों का मूल्यांकन करेगी। कांग्रेस प्रदेश की जनता के सवालों को लगातार उठाएगी और लोकतांत्रिक तरीके से सरकार को जवाबदेह बनाने का प्रयास करेगी।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को विधानसभा की ओर बढ़ने से रोकने पर भी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आपत्ति जताई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के इशारे पर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन लोकतंत्र का अभिन्न अंग है और विपक्ष को जनता की समस्याएं उठाने तथा सरकार से जवाब मांगने का पूरा लोकतांत्रिक अधिकार है। सरकार को विरोध की आवाज को रोकने के बजाय जनता की समस्याओं का समाधान करने पर ध्यान देना चाहिए।

इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उत्तराखंड के हक, जनता के अधिकारों, युवाओं के रोजगार, महंगाई से राहत और प्रदेश के समग्र विकास से जुड़े मुद्दों पर पार्टी का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी जनहित के सवालों को सड़क से सदन तक उठाती रहेगी और जनता की आवाज को मजबूती से सरकार तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *