मुख्यमंत्री धामी ने लोक संस्कृति पर आधारित फिल्म ‘बाला गौरिया’ के टीजर और पोस्टर का किया लोकार्पण

Share on Social Media

उत्तराखंड,देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासकीय आवास पर उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति और लोक आख्यानों पर आधारित बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बाला गौरिया’ के टीजर एवं पोस्टर का लोकार्पण किया। ‘हिमाद्रि प्रोडक्शंस’ के बैनर तले निर्मित यह फिल्म उत्तराखण्ड में न्याय देवता के रूप में प्रतिष्ठित गोलज्यू के बाल जीवन पर आधारित है। फिल्म का निर्देशन नितिन तिवारी तथा निर्माण  मनोज चंदोला द्वारा किया जा रहा है। फिल्म के अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में रिलीज होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री धामी ने फिल्म की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति,परंपराएं, लोकगाथाएं और लोक देवताओं की समृद्ध विरासत प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। ‘बाला गौरिया’ जैसी फिल्में हमारी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने के साथ ही उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति को देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड में फिल्म निर्माण और फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता,समृद्ध लोक संस्कृति और विविध भौगोलिक परिस्थितियां इसे फिल्म निर्माण के लिए एक विशिष्ट गंतव्य बनाती हैं। सरकार का प्रयास है कि देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं को शूटिंग के लिए बेहतर वातावरण,आवश्यक सुविधाएं और अनुकूल व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड पर्यटन नीति में फिल्म पर्यटन को प्रोत्साहित करने,शूटिंग के लिए सुविधाएं एवं त्वरित अनुमति व्यवस्था विकसित करने तथा विभिन्न स्थानों पर फिल्म सिटी विकसित करने के प्रावधान किए गए हैं। उत्तराखण्ड को फिल्म शूटिंग के पसंदीदा डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के साथ ही स्थानीय युवाओं को फिल्म निर्माण से जुड़े रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि फिल्म निर्माण को बढ़ावा मिलने से प्रदेश की आर्थिकी को गति मिलेगी और उत्तराखण्ड की कला, संस्कृति,बोली-भाषा,लोक परंपराओं तथा पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *