देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सड़क,पुल एवं पार्किंग निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने जनपद देहरादून के ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा भुट्टोवाला के वार्ड संख्या-3 में बंगला नाला के ऊपर 30 मीटर स्पान गर्डर पुल निर्माण के लिए ₹3.16 करोड़ की योजना को मंजूरी दी है।
इसी क्रम में जनपद पिथौरागढ़ के गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र में चंडाक-बांस-आंवलाघाट-गंगोलीहाट मोटर मार्ग पर रामगंगा नदी में 60 मीटर स्पान, 1.50 लेन स्टील गर्डर मोटर सेतु निर्माण के लिए ₹15.30 करोड़ की योजना स्वीकृत की गई है। वहीं,राज्य योजना के अंतर्गत जनपद ऊधमसिंह नगर के खटीमा विधानसभा क्षेत्र में मेलाघाट मेन रोड से बग्घा कॉलोनी होते हुए मयूर विहार सेक्टर-2 व 3, वार्ड संख्या-9 शीर्ष मार्ग के इंटरलॉकिंग टाइल्स द्वारा पुनर्निर्माण के लिए ₹3.05 करोड़ की योजना को भी मंजूरी प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री ने महाकुंभ मेला-2025 के सकुशल एवं सफल संचालन में योगदान देने वाले SDRF के 108 कार्मिकों को पुरस्कार स्वरूप ₹5 लाख की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन किया है। इसके साथ ही जनपद चम्पावत के देवीधुरा क्षेत्र के ग्राम देचमार, तहसील पाटी में मल्टी लेवल पार्किंग स्थल निर्माण के लिए ₹9.80 करोड़ की स्वीकृति प्रदान करते हुए पेयजल निगम को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है।
धामी ने छठवें केंद्रीय वेतनमान के अंतर्गत पेंशन प्राप्त कर रहे सार्वजनिक निकायों एवं उपक्रमों के सिविल तथा पारिवारिक पेंशनरों को महंगाई राहत में वृद्धि का भी अनुमोदन किया है। इसके तहत 1 जनवरी 2025 से महंगाई राहत की दर 252 प्रतिशत, 1 जुलाई 2025 से 257 प्रतिशत तथा 1 जनवरी 2026 से 262 प्रतिशत प्रतिमाह किए जाने को मंजूरी प्रदान की गई है।
