रक्षा महोत्सव में गणेश गोदियाल को मिला मातृशक्ति का अपार स्नेह, रोजगार और पलायन पर दिया संकल्प का संदेश

Share on Social Media


पाबौ,पौड़ी । रक्षा महोत्सव कार्यक्रम के तहत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने विकासखंड पाबौ के विभिन्न गांवों में आयोजित कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर क्षेत्र की माता-बहनों का आशीर्वाद प्राप्त किया। सुबह 11 बजे से शुरू हुआ कार्यक्रम देर शाम तक चलता रहा।

इस दौरान कोटली,हटूंगा,चोपड़ियों,कोटा,छानी सहित अनेक गांवों में क्षेत्रीय जनता और मातृशक्ति ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।रक्षा महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने उन्हें रक्षा सूत्र बांधकर अपना स्नेह,विश्वास और आशीर्वाद प्रदान किया। मातृशक्ति के इस आत्मीय स्वागत से अभिभूत गणेश गोदियाल ने कहा कि यह स्नेह और विश्वास उनके लिए नई ऊर्जा का संचार करता है।

उन्होंने माता-बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि वे उन्हें ऐसी शक्ति और ऊर्जा प्रदान करें जिससे वे पहाड़ से पलायन और बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहे हर परिवार के लिए रोजगार का अवसर सुनिश्चित करने की दिशा में पूरी ताकत से काम कर सकें। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि पहाड़ के युवाओं को रोजगार के लिए अपने गांव और घर छोड़ने के लिए मजबूर न होना पड़े तथा गांवों में ही सम्मानजनक रोजगार के अवसर उपलब्ध हों।

गणेश गोदियाल ने क्षेत्र की माताओं-बहनों के सुख,समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि वे उनके हर सुख-दुःख में एक भाई की तरह साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनता का स्नेह और आशीर्वाद ही उन्हें जनसेवा के लिए निरंतर संघर्ष करने की ताकत देता है।

पूरे कार्यक्रम के दौरान गांव-गांव उमड़ा जनसमर्थन और मातृशक्ति का आत्मीय स्नेह रक्षा महोत्सव को भाई-बहन के पवित्र रिश्ते,विश्वास और सामाजिक सरोकारों से जोड़ने वाला भावनात्मक अवसर बना रहा।

इस अवसर पर पाबौ मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नेगी,जिला पंचायत सदस्य कर्मवीर भंडारी,पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष मनवर सिंह रावत,हुक्म सिंह कठैत,अर्जुन सिंह भंडारी,मनोज रावत सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *