देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने आज सचिवालय में कुंभ मेला-2027 के दौरान आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की तैयारियों की समीक्षा के लिए संबंधित विभागों एवं जिलाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि संभावित आपदाओं और आपातकालीन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाएं।
उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 के लिए व्यापक आपातकालीन कार्ययोजना एवं क्षेत्र-विशिष्ट प्लान तैयार किए जाएं। पूरे कुंभ क्षेत्र की सेक्टरवार निकासी योजना तैयार करने के निर्देश देते हुए उन्होंने क्राउड मैनेजमेंट, ट्रैफिक प्लान, इवेक्यूएशन प्लान तथा फायर कंट्रोल मैकेनिज्म को एकीकृत करते हुए समग्र आपदा प्रबंधन योजना तैयार करने को कहा।भूकंप, बाढ़ तथा केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल एवं न्यूक्लियर (CBRN) जैसी संभावित आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए स्पष्ट एवं प्रभावी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने बाढ़, भूकंप एवं CBRN आपदा प्रबंधन के लिए आवश्यक उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल उपकरणों की खरीद पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका नियमित रखरखाव, ऑपरेशनल स्थिति में रहना तथा संबंधित कार्मिकों का आवश्यक प्रशिक्षण भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
उन्होंने एटीएस को और अधिक सुदृढ़ करने तथा पर्वों एवं मेले के पीक टाइम को ध्यान में रखते हुए नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
मुख्य सचिव ने कुंभ मेला व्यवस्थाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एवं आधुनिक तकनीक के अधिकतम उपयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने मेले के दौरान विभिन्न विभागों से प्राप्त सूचनाओं, अनुभवों एवं महत्वपूर्ण आंकड़ों का व्यवस्थित डेटाबेस तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में बड़े आयोजनों की योजना और आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सके।
उन्होंने कंट्रोल रूम को मजबूत करने तथा सभी संबंधित विभागों के साथ नियमित समन्वय बैठकें आयोजित कर व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 एक वृहद स्तर का आयोजन है, जिसके सफल एवं सुरक्षित संचालन के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय, तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।
बैठक में सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, विनय शंकर पाण्डेय, आयुक्त गढ़वाल आनन्द स्वरूप, मेलाधिकारी सोनिका सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं जिलाधिकारी उपस्थित रहे।
