नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद भ्रमण के दौरान राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी, चोरगलिया पहुंचकर जनता एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में ₹9.93 करोड़ की लागत से निर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी पुल का लोकार्पण किया।मानसून के दौरान शेर नाला उफान पर आने से क्षेत्र में आवागमन बाधित हो जाता था, जिससे स्थानीय लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। नवनिर्मित पुल से अब क्षेत्रवासियों के साथ-साथ पर्यटकों को भी सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। पुल के निर्माण पर क्षेत्रीय जनता ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक लालकुआं मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
