देहरादून। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मंगलवार को ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से निर्वाचन नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के अंतर्गत प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने जनपद के सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को निर्देश दिए कि दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया में तेजी लाते हुए कार्य भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि फार्म-6, फार्म-7 एवं फार्म-8 को 13 अगस्त 2026 की रात्रि तक अनिवार्य रूप से अपलोड करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए। आवश्यकता के अनुसार अधिकारी एवं कार्मिक दिन-रात कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्य को समयसीमा के भीतर पूरा करें।
उन्होंने विशेष रूप से फार्म-6 की जांच पूरी सावधानी एवं गंभीरता से करने के निर्देश दिए। कहा कि फार्म-6 अपलोड करने से पूर्व संबंधित विवरण एवं अभिलेखों का भली-भांति परीक्षण कर लिया जाए, ताकि निर्वाचन नामावली में किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे। प्रत्येक स्तर पर प्रकरणों का निस्तारण गुणवत्ता, शुद्धता एवं निष्पक्षता के साथ सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी ईआरओ को अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा अधीनस्थ कार्मिकों से प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में कार्य की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है, वहां तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए कार्य में तेजी लाई जाए।
उन्होंने नोटिस की कार्यवाही भी तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक प्रकरण में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित प्रक्रिया का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण में पारदर्शिता, शुद्धता और निष्पक्षता का विशेष ध्यान रखा जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का उद्देश्य निर्वाचन नामावलियों को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। इसलिए सभी अधिकारी इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समयसीमा में पूरा करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर प्रकरण लंबित न रहें तथा प्रत्येक प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार एवं उप जिलाधिकारी मुख्यालय रविन्द्र ज्वांठा कलेक्ट्रेट से उपस्थित रहे, जबकि मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित जनपद के समस्त ईआरओ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े रहे।
