देहरादून(जिला सूचना विभाग)। गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समाधान दिवस में 145 से अधिक फरियादियों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें रखीं। आयुक्त ने अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया तथा शेष शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
आयुक्त ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा करते हुए 180 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों पर नाराजगी जताई। उन्होंने ऐसी सभी शिकायतों का एक माह के भीतर अनिवार्य रूप से निस्तारण करने तथा 36 दिनों से अधिक लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए।
बड़ी संख्या में बुजुर्ग फरियादियों के पहुंचने पर आयुक्त ने कलेक्ट्रेट परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि प्रतीक्षा के दौरान वरिष्ठ नागरिक स्वास्थ्य जांच का लाभ ले सकें।
समाधान दिवस में सड़क निर्माण, सुरक्षा दीवार, आपदा से क्षतिग्रस्त पुलिया व मकान, जलभराव, अतिक्रमण, मार्ग अवरुद्ध करने, भूमि विवाद, मुआवजा, धोखाधड़ी तथा सोलर योजना से जुड़े मामलों पर भी सुनवाई हुई। आयुक्त ने संबंधित विभागों को मौके पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई तथा लंबित मामलों में नियमानुसार प्रस्ताव एवं आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
डांडा लखौंड में संपर्क मार्ग अवरुद्ध किए जाने, हरिपुर कलां में वर्षाजल को सीवर लाइन से जोड़ने, सौंग नदी के बढ़ते जलस्तर से सुरक्षा संबंधी शिकायत तथा ग्राम समाज की भूमि पर अतिक्रमण के मामलों में भी तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्थानीय स्तर की समस्याओं का निस्तारण जिला मुख्यालय तक आने से पहले ही सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अवैध अतिक्रमण, भूमि पर कब्जे एवं भू-माफियाओं के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
समाधान दिवस में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, डीएफओ वैभव सिंह, अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, स्मृता परमार, पुलिस अधीक्षक जगदीश पंत सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
