पौड़ी। थल सेना अध्यक्ष उपेन्द्र द्विवेदी द्वारा सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर विक्रम सिंह कंडारी को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और सेवानिवृत्ति के बाद भी पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों की समस्याओं के निरंतर समाधान हेतु किए गए कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस सम्मान से राठ क्षेत्र की जनता, वर्तमान और पूर्व सैनिकों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि विक्रम सिंह कंडारी ने सेवा निवृत्ति के बाद भी परोपकारी भावना के साथ जिस समर्पण से पूर्व सैनिक समुदाय और उनके परिजनों के लिए कार्य किया है, वह सभी के लिए प्रेरणादायक है। उनका यह योगदान युद्ध के मैदान से परे करुणा, नेतृत्व और सेवा का प्रतीक बन चुका है।
ज्ञात हो कि विक्रम सिंह कंडारी राठ पूर्व सैनिक संगठन एवं गौरव सैनानी संगठन के माध्यम से निरंतर कार्यरत हैं। उन्होंने सेवानिवृत्त सैनिकों और वीर नारियों की समस्याओं को सुलझाने के लिए सक्रिय पहल की है और कई जटिल मुद्दों का समाधान कराया है।
राठ क्षेत्र में चिपलघाट में आर्मी कैंटीन खुलवाने जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में भी उनका विशेष योगदान रहा है। वर्तमान सैनिकों एवं पूर्व सैनिक परिवारों के हितों के लिए वे निरंतर संघर्षरत हैं, जिससे क्षेत्र में उनके प्रति सम्मान और सराहना का भाव और भी प्रबल हुआ है।