उत्तराखंड। प्रदेश में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक बारिश और बर्फबारी के कारण ठंड में इजाफा हुआ है। गंगोत्री, यमुनोत्री और हर्षिल में भारी बर्फबारी हो रही है, जबकि देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, नैनीताल और चम्पावत जिलों में लगातार बारिश हो रही है।
मौसम विभाग ने 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और ओलावृष्टि के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, 1 मार्च के बाद मौसम के खुलने की संभावना है।
देहरादून में तापमान में 12.3 डिग्री की गिरावट
इस सीजन में पहली बार लगातार बारिश के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। देहरादून में पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 12.3 डिग्री तक लुढ़क गया। बुधवार को तापमान 29.0 डिग्री था, जबकि गुरुवार को यह गिरकर 16.7 डिग्री पहुंच गया, जो सामान्य से 8 डिग्री कम है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ की मजबूती के कारण यह बदलाव आया है।
बदरीनाथ, हेमकुंड में बर्फबारी, निचले इलाकों में बढ़ी ठंड
बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, रुद्रनाथ, लाल माटी, नंदा घुंघटी, औली, गोरसों, नीती और माणा घाटी में भारी बर्फबारी हो रही है। वहीं, निचले इलाकों में बारिश के कारण ठंड में इजाफा हुआ है।
केदारनाथ में आधा फीट ताजा हिमपात
केदारनाथ धाम में घने बादल छाए हुए हैं और बीते दो दिनों से बर्फबारी हो रही है। अब तक आधा फीट ताजा बर्फ जम चुकी है, जबकि पहले से ही करीब सवा फीट बर्फ मौजूद थी। माणा, नीति घाटी, औली, मद्महेश्वर, तुंगनाथ, चोपता और त्रियुगीनारायण के ऊपरी इलाकों में भी हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है।
ग्लेशियर हुए रिचार्ज, गर्मियों में मिलेगी राहत
फरवरी के अंत में हुई इस बारिश और बर्फबारी से ग्लेशियर और नदियां रिचार्ज हो गई हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इसका लाभ आने वाले समय में मिलेगा और गर्मियों में जल संकट जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी।
