उत्तराखंड,देहरादून। विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन से ही कांग्रेस विधायक मदन बिष्ट और संसदीय कार्यमंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के बीच तनातनी जारी थी। इसके बाद मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल द्वारा पहाड़ी समुदाय को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी से पूरे उत्तराखंड में गहरा आक्रोश फैल गया।
कांग्रेस समेत विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह विरोध प्रदर्शन किया और मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल का पुतला जलाकर उन्हें बर्खास्त करने की मांग की। इसी क्रम में रायपुर नथुवावाला क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक अध्यक्ष सुनील थपलियाल के नेतृत्व में गुज़रो वाली चौक पर प्रदर्शन किया। उन्होंने मंत्री की टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि एक पहाड़ी बहुल राज्य में भाजपा के मंत्री द्वारा ऐसा अपमानजनक बयान दिया जाना अक्षम्य है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस टिप्पणी ने न केवल उत्तराखंड के पहाड़ी समुदाय बल्कि राज्य आंदोलनकारियों की भावनाओं को भी गहरी ठेस पहुंचाई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भाजपा सरकार ऐसे पहाड़ विरोधी मंत्री को बर्खास्त नहीं करती तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
गौरतलब है कि प्रेमचंद अग्रवाल पहले भी कई विवादों में रह चुके हैं, जिनमें विधानसभा में बैकडोर भर्तियों का मामला, सड़क पर एक व्यक्ति से मारपीट और गाली-गलौज, तथा हाल ही में शहरी विकास विभाग में बाहरी व्यक्ति की नियुक्ति का मुद्दा शामिल है।
पुतला दहन के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनीष नागपाल, प्रदेश प्रवक्ता आशीष नौटियाल, सुनील थपलियाल और महेंद्र नेगी ‘गुरुजी’ समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
