चाकीसैंण में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों पर हुई व्यापक चर्चा

Share on Social Media

चाकीसैंण, पौड़ी (उत्तराखंड)। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चाकीसैंण की एक महत्वपूर्ण बैठक ब्लॉक अध्यक्ष मंगल सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पूर्व विधायक एवं सीडब्ल्यूसी सदस्य गणेश गोदियाल उपस्थित रहे, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में जिला कांग्रेस कमेटी पौड़ी के अध्यक्ष विनोद नेगी ने भाग लिया।

गणेश गोदियाल ने अपने संबोधन में क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और सड़कों की दयनीय स्थिति के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे सरकार की जनविरोधी नीतियों के बारे में जनता को जागरूक करें और 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए सक्रिय भूमिका निभाएं।

उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक बूथ पर ऐसा बीएलए नियुक्त किया जाए जो स्थानीय लोगों को भली-भांति जानता हो, ताकि फर्जी मतदान की संभावनाएं समाप्त की जा सकें। साथ ही, उन्होंने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी से आग्रह किया कि वे आगामी महीनों में पूर्व सैनिकों और क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों के सम्मेलन की योजना बनाएं ताकि स्थानीय समस्याओं पर सार्थक चर्चा हो सके।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष विनोद नेगी ने कहा कि संगठन को प्रदेश कांग्रेस और पार्टी हाईकमान से समय-समय पर दिशा-निर्देश मिलते हैं और उसी के अनुरूप कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब प्रत्येक ब्लॉक में हर महीने चार कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बैठकें भी होंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला स्तर पर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मंगल सिंह नेगी ने न्यायपंचायत अध्यक्षों से अनुरोध किया कि वे अपने क्षेत्रों के सक्रिय कार्यकर्ताओं की मदद से उन लोगों से संपर्क करें जो पहले कांग्रेस से जुड़े थे लेकिन अब सक्रिय नहीं हैं, ताकि उन्हें दोबारा संगठन से जोड़ा जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि प्रत्येक न्यायपंचायत स्तर पर हर महीने दो बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें प्रत्येक बूथ से कम से कम 10 लोगों को शामिल किया जाएगा, साथ ही नए मतदाताओं को जोड़ने का प्रयास भी किया जाएगा।

बैठक में पूर्व तहसीलदार मायाराम भट्ट, पूर्व प्रमुख पोखड़ा सुरेन्द्र सिंह रावत, सभी न्याय पंचायत अध्यक्ष, महिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं ने अपने विचार साझा किए। इस मौके पर बड़ी संख्या में युवाओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

इस अवसर पर पूर्व विधायक गणेश गोदियाल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विनोद नेगी, महानगर पौड़ी कांग्रेस अध्यक्ष भरतु भाई, ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रीति नौडियाल, वरिष्ठ कांग्रेसी शिव सिंह कंडारी, धर्म सिंह असवाल, पूर्व प्रधान चैत सिंह, डबल सिंह कंडारी, मेहरबान सिंह गुसाईं, भगत सिंह, बिगारी सिंह, कलम सिंह मनोज कण्डारी सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *