सीपीआई (एम) के नेतृत्व में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने गांधी पार्क की अव्यवस्था व पार्किंग समस्या को लेकर महापौर को सौंपा ज्ञापन

Share on Social Media

देहरादून। सीपीआई (एम) के नेतृत्व में विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने गांधी पार्क की आंतरिक अव्यवस्था,रखरखाव की कमी एवं पार्किंग से जुड़ी समस्याओं को लेकर नगर निगम देहरादून के महापौर को आवश्यक कार्रवाई हेतु ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में गांधी पार्क के समुचित रखरखाव और उचित देखभाल की नितांत आवश्यकता पर जोर दिया गया। इसमें बताया गया कि हाल ही में एक निजी कंपनी द्वारा गांधी पार्क के फुटपाथ के इर्द-गिर्द लगभग डेढ़ सौ से अधिक लाइटें लगाई गईं, लेकिन घोर लापरवाही के कारण बड़ी संख्या में लाइटें टूटकर इधर-उधर बिखरी पड़ी हैं, जिससे नगर निगम को भारी आर्थिक क्षति पहुंची है। इसके साथ ही पार्क परिसर में कूड़ा-कचरा और गंदगी के ढेर लगे होने की भी शिकायत की गई।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि गांधी पार्क असामाजिक तत्वों का अड्डा बनता जा रहा है, जिस पर शीघ्र अंकुश लगाया जाना आवश्यक है।इसके अतिरिक्त, प्रतिनिधिमंडल ने हाल में नगर निगम द्वारा गांधी पार्क के आसपास निजी कंपनी को दिए गए पार्किंग ठेके पर आपत्ति जताई। बताया गया कि इस व्यवस्था के कारण आम जनता, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे पार्क में लोगों की आवाजाही में उल्लेखनीय कमी आई है।

ज्ञापन में वर्णित विभिन्न मांगों में गांधी पार्क के मुख्य द्वार के आसपास पार्किंग शुल्क न लिये जाने,गांधी पार्क के पास स्थित शुलभ शौचालय (टॉयलेट) के सामने की जगह को पार्किंग शुल्क से मुक्त किये जाने,रायपुर ओली खाला में पड़े मलबे की शीघ्र सफाई कराने,क्योंकि बरसात के दौरान पानी घरों में घुसने की आशंका है,जिससे स्थानीय लोगों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

महापौर ने प्रतिनिधिमंडल को सभी बिंदुओं पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में सीपीआई(एम) सचिव अनंत आकाश, सीटू जिला महामंत्री लेखराज, आंदोलनकारी परिषद के संरक्षक नवनीत गुसाईं, सीटू उपाध्यक्ष भगवंत पयाल, कोषाध्यक्ष रविंद्र नौडियाल, सचिव अभिषेक भंडारी, प्रवक्ता चिंतन सकलानी, विकास रावत सहित अन्य लोग शामिल थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *