दूरस्थ क्षेत्र त्यूणी में लगा जिलाधिकारी का जनता दरबार,लोगों को मिला जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ

Share on Social Media

देहरादून, 21 मार्च 2025 (सू.वि.) जिलाधिकारी सविन बसंल ने दूरस्थ क्षेत्र त्यूनी का भ्रमण कर वहां आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में भाग लिया। इस शिविर में उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को सुना और अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान किया। बड़ी संख्या में लोग शिविर में पहुंचे और विभिन्न विभागों द्वारा स्थापित स्टॉलों पर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लिया।

दिव्यांग पिता-पुत्र को प्रमाण पत्र एवं पेंशन

सुनीर निवासी दिव्यांग 50 प्रतिशत दिव्यांग जगतराम (पिता) और सुमित (पुत्र) दिव्यांग प्रमाण पत्र एवं पेंशन के लिए लंबे समय से भटक रहे थे। डीएम के संज्ञान में मामला आते ही तत्काल उनका दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाया गया और पेंशन की औपचारिकताएं पूरी करवाई गईं।

गरीब महिला दुर्गा देवी का 18 हजार रुपये का विद्युत बिल माफ
फनार निवासी दुर्गा देवी, जिनके पति का पिछले वर्ष निधन हो गया था, पांच बच्चों का भरण-पोषण मजदूरी से कर रही हैं। उन्हें जानकारी नहीं थी कि उनका विद्युत बिल 18 हजार रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने डीएम से बिल माफ करने की गुहार लगाई, जिस पर डीएम ने इसे संज्ञान में लेते हुए रायफल फंड से भुगतान करने के निर्देश दिए।
प्रमिला देवी को तत्काल आर्थिक सहायता

मुन्धौल निवासी गरीब महिला प्रमिला देवी ने भवन क्षति पर आर्थिक सहायता के लिए आवेदन किया। उनकी स्थिति को देखते हुए डीएम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर ही आर्थिक सहायता का आदेश दिया और तहसील त्यूनी ने उनके नाम आर्थिक सहायता का चेक जारी किया।

दिव्यांग किशोरी और बालक को सहायता

16 वर्षीय किशोरी रविना और 11 वर्षीय डिरनाड़ निवासी दिव्यांग बालक कार्तिक को पढ़ाई के लिए 4,000 रुपये प्रतिमाह की सहायता देने की स्वीकृति दी गई। साथ ही, उन्हें व्हीलचेयर और पेंशन की सुविधा भी प्रदान की गई। समाज कल्याण अधिकारी और जिला प्रोबेशन अधिकारी को इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

बाणाधार में पहुंचा गैस वितरण वाहन

ग्राम पंचायत बाणाधार के निवासियों ने शिविर में डीएम से गुहार लगाई कि उनके गांव तक गैस वितरण वाहन नहीं पहुंचता, जिससे उन्हें 4 किमी दूर चिल्हाड़ तक जाना पड़ता है। डीएम ने इस पर तुरंत संज्ञान लेते हुए अगले 24 घंटे के भीतर बाणाधार तक गैस वितरण प्वाइंट बढ़ाने का आदेश दिया, जो अमल में लाया गया। ग्रामीणों ने त्वरित कार्रवाई के लिए डीएम का आभार व्यक्त किया।

1300 से अधिक लोगों को मिला लाभ

जिलाधिकारी ने अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। शिविर में 1300 से अधिक लोगों ने भाग लिया और उन्हें स्वास्थ्य परीक्षण, प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, आधार अपडेट, उपकरण, व्हीलचेयर वितरण, पेंशन, किसान क्रेडिट कार्ड आदि सुविधाएं मौके पर ही उपलब्ध कराई गईं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *