देहरादून। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीटू) के प्रतिनिधिमंडल ने डीएल रोड क्षेत्र में सिटी बस सेवा बहाल करने, निर्माण श्रमिकों की समस्याओं के समाधान तथा नालापानी रोड क्षेत्र में पेयजल संकट दूर करने की मांग को लेकर संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे। अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सीटू के जिला महामंत्री लेखराज के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. अनीता चमोला से मुलाकात कर डीएल रोड क्षेत्र में सिटी बस सेवा पूर्व की भांति शुरू करने की मांग की। इस पर उन्होंने सोमवार को बस ऑपरेटरों से वार्ता कर समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया।
निर्माण श्रमिकों की समस्याओं को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने उप श्रमायुक्त विपिन कुमार को ज्ञापन सौंपा। सीटू ने पंजीकरण एवं नवीनीकरण में हो रही देरी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे बड़ी संख्या में श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। उप श्रमायुक्त ने अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती कर लंबित मामलों का निस्तारण करने तथा डीएल रोड क्षेत्र में शिविर लगाकर श्रमिकों को लाभ पहुंचाने का भरोसा दिया।
वहीं, नालापानी रोड स्थित डीबीएस स्टाफ क्वार्टर एवं आसपास के क्षेत्रों में पेयजल संकट दूर करने की मांग को लेकर अधिशासी अभियंता, जल संस्थान को ज्ञापन सौंपा गया। इस पर उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को तत्काल समस्या दूर करने के निर्देश दिए।
प्रतिनिधिमंडल में सीटू के जिला कोषाध्यक्ष रविंद्र कुमार नौटियाल, अभिषेक भंडारी, मनीष कुमार कमानिया और हिमांशु चौहान सहित अन्य लोग शामिल रहे।
