पौड़ी मजरा महादेव। वरिष्ठ कांग्रेस नेता दलीप सिंह गुसाईं का अंतिम संस्कार आज मजरा महादेव स्थित अर्द्धनारीश्वर धाम के संगम घाट पर पूरे सम्मान के साथ किया गया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रीय जनता ने उपस्थित होकर जनप्रिय नेता को अंतिम विदाई दी। अंत्येष्टि से पूर्व उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व क्षेत्रीय विधायक गणेश गोदियाल ने दिवंगत नेता को पार्टी का झण्डा ओढ़ाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ स-सम्मान विदाई देते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज हमने अपना एक मजबूत साथी खो दिया है। स्व0 गुसाईं ने विपरीत परिस्थितियों में भी कभी पार्टी हित से समझौता नहीं किया। कांग्रेस कार्यकर्ता क्षेत्र में उनका नेतृत्व में और संघर्ष हमेशा याद रखेंगे।
विदित हो कि सोमवार को राठ क्षेत्र के खांटी कांग्रेसी दलीप सिंह गुसाईं का कोटद्वार में अस्पताल ले जाते वक्त हृदय गति रुकने से आकस्मिक निधन हो गया था।उनकी अन्तिम यात्रा में उमड़ी लोगों की भीड़ से उसकी लोकप्रियता का अंदाज लगाया जा सकता है।वे राठ क्षेत्र में कांग्रेस के मजबूत स्तंभ थे। पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा और समर्पण ताउम्र बनी रही।उनकी गिनती जमीनी नेताओं में की जाती रही ।पंचायत राजनीति में वे प्रधान से लेकर क्षेत्र पंचायत तथा जिलापंचायत आदि अनेक पदों पर कई बार निर्वाचित हुए।
आज सुबह ठीक आठ बजे उनकी अंतिम यात्रा पैतृक गांव किरसाल से होकर मजरा महादेव पंहुची, इस दौरान स्थानीय लोगों के साथ-साथ विकास खंड पाबौ तथा थलीसैंण के तमाम जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। उनके पुत्र पदम् सिंह गुसाईं ने गमगीन माहौल में उन्हें मुखाग्नि दी।
उनकी अंतिम यात्रा में पूर्व विधायक गणेश गोदियाल, सहकारी संघ के पूर्व अध्यक्ष मातवर सिंह रावत, पूर्व प्रमुख शंकर सिंह रावत,चाकीसैंण कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष मंगल सिंह नेगी, थलीसैंण ब्लाक के कांग्रेस अध्यक्ष अमर सिंह,पाबौ ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष सुधीर सिंह,सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्र की जनता उपस्थित रही।