पैठाणी, पौड़ी। राठ महाविद्यालय, पैठाणी पौड़ी गढ़वाल की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के छह स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं का चयन राजीव गांधी राष्ट्रीय युवा विकास संस्थान, चंडीगढ़ द्वारा आयोजित चार दिवसीय नेतृत्व एवं सामुदायिक विकास आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए हुआ है। यह कार्यक्रम युवाओं में नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास, सामाजिक सहभागिता एवं सामुदायिक विकास की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।महाविद्यालय के एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. देव कृष्ण थपलियाल ने बताया कि चयनित स्वयंसेवियों में छात्र अखिलेश कुमार एवं मनीष नेगी तथा तीन छात्राएं कु. खुशबू, कु. रुचिता एवं कु. रानी शामिल हैं। राष्ट्रीय स्तर के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में प्रतिभाग करने का अवसर महाविद्यालय एवं स्वयंसेवियों के लिए गौरव की बात है।
हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय, श्रीनगर गढ़वाल के एनएसएस समन्वयक डॉ. राकेश नेगी ‘अनंत’ ने बताया कि विश्वविद्यालय से कुल 20 एनएसएस स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं को इस कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया है, जिनमें राठ महाविद्यालय पैठाणी के छह स्वयंसेवियों का चयन होना महाविद्यालय के लिए उल्लेखनीय उपलब्धि है। उन्होंने सभी चयनित स्वयंसेवियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जितेंद्र कुमार नेगी ने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं। युवाओं में ऊर्जा और प्रतिभा का अपार भंडार है, आवश्यकता केवल उसे सकारात्मक एवं रचनात्मक दिशा देने की है।
उन्होंने महाविद्यालय के विद्यार्थियों को यह महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन एवं एनएसएस समन्वयक डॉ. राकेश नेगी ‘अनंत’ का आभार व्यक्त करते हुए चयनित स्वयंसेवियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।