महंगाई की मार, जनता की जेब पर सरकार का वार – नवीन जोशी

Share on Social Media

 

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नवीन जोशी ने प्रदेश में बिजली दरों में 5.62 प्रतिशत की बढ़ोतरी को जनविरोधी करार देते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि महंगाई से जूझ रही आम जनता पर यह एक और आर्थिक बोझ है, जो सरकार की जनविरोधी नीतियों का प्रमाण है।

जोशी ने कहा कि उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग द्वारा की गई दर वृद्धि से घरेलू उपभोक्ताओं के मासिक बिलों में 25 से 160 रुपये तक की बढ़ोतरी हो गई है। वहीं केंद्र सरकार ने रसोई गैस की कीमतें बढ़ाकर घर-घर का बजट बिगाड़ दिया है। पेट्रोल और डीज़ल के दाम लगातार ऊंचे बने हुए हैं, जिससे परिवहन खर्च बढ़ने से महंगाई और भी ज्यादा तेज़ हो गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आम जनता की परेशानियों से पूरी तरह आंखें मूंदे बैठी है। जब आमदनी घट रही है और बेरोजगारी चरम पर है, तब सरकार लगातार ऐसे निर्णय ले रही है, जो जनता को और गहरे संकट में धकेल रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस पार्टी की मांग है कि सरकार तुरंत बिजली, गैस और ईंधन की कीमतों में की गई बढ़ोतरी को वापस ले। यदि ऐसा नहीं किया गया तो कांग्रेस प्रदेशभर में सड़कों पर उतरकर आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *