एपस्टीन फाइल में नाम आने के आरोपों पर महिला कांग्रेस का विरोध मार्च, प्रधानमंत्री व केंद्रीय मंत्री के इस्तीफे की मांग

Share on Social Media


देहरादून,3 मार्च। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का नाम एपस्टीन फाइल में उजागर होने की खबरों को लेकर उनके इस्तीफे की मांग करते हुए आज प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन किया।

महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन से गांधी पार्क–घंटाघर–पल्टन बाजार होते हुए तहसील चौक तक मार्च निकाला और पुनः प्रदेश कांग्रेस कार्यालय लौटे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “THE PM IS COMPROMISED” लिखी विशेष पोषाक पहनकर प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के इस्तीफे की मांग की।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत महिला कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में राजीव भवन में एकत्र हुईं। इसके बाद प्रदेश महिला अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए पल्टन बाजार की ओर कूच किया गया।

इस अवसर पर ज्योति रौतेला ने कहा कि एपस्टीन फाइल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का नाम सामने आने की खबरें अत्यंत गंभीर और चिंताजनक हैं। यदि इन फाइलों में किसी भी प्रकार से उनका उल्लेख हुआ है, तो देश की जनता के सामने पूरी सच्चाई आना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल व्यक्तियों तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की गरिमा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की साख से जुड़ा हुआ है। ऐसे संवेदनशील विषय पर चुप्पी साधना या तथ्यों को छिपाना लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है।

ज्योति रौतेला ने कहा कि प्रदेश महिला कांग्रेस की मांग है कि
इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए।
जांच पूरी होने तक नैतिक आधार पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी अपने पद से इस्तीफा दें।
केंद्र सरकार संसद और देश की जनता के समक्ष इस विषय पर स्पष्ट वक्तव्य दे।

उन्होंने आगे कहा कि देश की राजनीति में पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोपरि होनी चाहिए। यदि किसी सार्वजनिक पद पर बैठे व्यक्ति का नाम ऐसे विवादों में आता है, तो नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ना ही लोकतांत्रिक परंपरा रही है। जनता को सच्चाई जानने का अधिकार है और यह अपेक्षा भी कि उसके प्रतिनिधि हर प्रकार के संदेह से परे हों।

प्रदर्शन मार्च में महानगर अध्यक्ष उर्मिला ढौंडियाल थापा, प्रदेश महिला उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, महासचिव निधि नेगी, सुशीला शर्मा, अनुराधा तिवारी, देवेन्द्र कौर, रेखा ढींगरा, भावना, टिहरी जिलाध्यक्ष आशा रावत, शिवानी थपलियाल, उमा पंवार, अनीता सकलानी सहित अनेक महिला कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहीं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *