देहरादून। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के तहत 01 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर कार्य की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाताओं को जारी किए जा रहे नोटिस, उनकी सुनवाई, अनोमलीज एवं नो-मैपिंग से जुड़े मामलों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ईआरओ को निर्देश दिए कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ नियमित बैठक एवं समन्वय बनाए रखें, ताकि एसआईआर प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी समय पर सभी पक्षों तक पहुंच सके। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों बीएलओ के कार्यों की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
डॉ. चौहान ने कहा कि अनोमलीज अथवा नो-मैपिंग की स्थिति सामने आने पर मतदाताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित मतदाताओं को अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर दिया जा रहा है। मतदाता आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत कर अपना पक्ष रख सकते हैं। अभिलेखों के नियमानुसार परीक्षण एवं सत्यापन के बाद पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।
उन्होंने अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देश दिए कि मतदाताओं को एसआईआर प्रक्रिया,नोटिस की स्थिति, सुनवाई की प्रक्रिया और आवश्यक अभिलेखों के संबंध में स्पष्ट एवं सही जानकारी उपलब्ध कराई जाए,ताकि किसी भी मतदाता को अनावश्यक भ्रम या असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने दावे एवं आपत्तियों का निष्पक्ष,पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि एसआईआर से संबंधित समस्त कार्य भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी गंभीरता,शुद्धता और पारदर्शिता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएं।
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी एसआईआर कार्य में प्रशासन एवं निर्वाचन तंत्र का सहयोग करने तथा मतदाताओं को प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने में सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची अत्यंत महत्वपूर्ण है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र देवली सहित सीपीआई(एम) से अनंत आकाश, कांग्रेस से डॉ. जसविन्दर सिंह, आम आदमी पार्टी से कमल राना एवं बहुजन समाज पार्टी से सतेन्द्र सिंह उपस्थित रहे। जनपद के समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में जुड़े।
