देहरादून। अभिसूचना एवं सुरक्षा मुख्यालय, उत्तराखंड में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दीपम सेठ ने अभिसूचना एवं सुरक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीजीपी ने आतंकवाद नियंत्रण के लिए राष्ट्रीय स्तर पर संचालित आतंकवाद निरोधी नीति ‘प्रहार’ को प्रभावी ढंग से धरातल पर लागू करने तथा पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े इनपुट्स के मद्देनजर सभी जनपदों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। आगामी विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत मुख्यमंत्री एवं वीवीआईपी सुरक्षा को भी सुदृढ़ करने को कहा।
उन्होंने चीन एवं नेपाल सीमा से लगे जनपदों में संदिग्ध गतिविधियों, घुसपैठ और राष्ट्रविरोधी तत्वों की आवाजाही पर प्रभावी अंकुश के लिए ITBP, SSB, IB, सेना, राज्य पुलिस एवं ATS के बीच उच्चस्तरीय इंटर-एजेंसी समन्वय बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।
डीजीपी ने चारधाम यात्रा, आगामी कुंभ मेले एवं प्रमुख धार्मिक आयोजनों के लिए ठोस सुरक्षा कार्ययोजना तैयार करने तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 24 घंटे सघन निगरानी रखने को कहा। उन्होंने भ्रामक खबरों, अफवाहों, छेड़छाड़ किए गए वीडियो और डीपफेक सामग्री का तत्काल तथ्य-जांच कर आधिकारिक खंडन जारी करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में महानिदेशक अभिसूचना/सुरक्षा अभिनव कुमार सहित पुलिस मुख्यालय, एसटीएफ, सुरक्षा, एटीएस एवं अभिसूचना विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा सभी जनपदों के प्रभारी अभिसूचना अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से उपस्थित रहे।