देहरादून(जिला सूचना कार्यालय)। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशानुसार उप जिलाधिकारी (न्यायिक) कुमकुम जोशी ने यूयूएसडीए के कार्यों से जनसामान्य को हो रही असुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और कार्यों को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के कड़े निर्देश दिए।
हाल के दिनों में मोथोरावाला, हर्रावाला, कुआंवाला, मियांवाला, बंजारावाला, कैनाल रोड मोथोरावाला, रायपुर, मोहकमपुर सहित कई क्षेत्रों में सीवर एवं पाइपलाइन बिछाने के कार्य से जनता को हो रही समस्याओं की शिकायतें जिलाधिकारी को प्राप्त हो रही थीं। इन समस्याओं में सड़क पर खुले गड्ढे छोड़ना, मलबा और निर्माण सामग्री खुली छोड़ना, तथा मरम्मत कार्यों में देरी प्रमुख रूप से शामिल थीं।
इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने एसडीएम कुमकुम जोशी को स्थलीय निरीक्षण करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान समस्त निर्माण स्थलों की स्थिति का आकलन किया गया, जिसके आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
यूयूएसडीए को निर्देश दिए गए हैं कि निर्माण कार्यों में की गई लापरवाहियों को पहले दुरुस्त किया जाए। इसके बाद ही आगे के कार्यों की अनुमति दी जाएगी, जिससे भविष्य में आम जनता को असुविधाओं का सामना न करना पड़े।
