कांग्रेस ने की मुख्यमंत्री के साम्प्रदायिक बयान की कड़ी निन्दा

Share on Social Media

 

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता गिरिराज किशोर हिन्दवान ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा कांग्रेस पार्टी को “मुगलिया सोच” वाली पार्टी कहे जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने मुख्यमंत्री के इस बयान को निंदनीय बताते हुए कहा कि कांग्रेस की सोच धर्मनिरपेक्ष है, जो देश को जोड़ने की बात करती है, न कि भाजपा की तरह धर्म और जाति के आधार पर नफरत फैलाकर समाज को बांटने की राजनीति करती है।

गिरिराज किशोर हिन्दवान ने कहा कि भाजपा को जब-जब चुनाव नजदीक आते हैं, तब-तब वोटों के ध्रुवीकरण के लिए हिंदुत्व की याद आ जाती है। उसे महंगाई और आम जनता की परेशानियां, जिनमें सभी धर्मों के लोग शामिल हैं, नजर नहीं आतीं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में हो रहे नगर निकाय चुनाव में अपनी संभावित हार से घबराकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धर्म का सहारा लेकर वोटों के ध्रुवीकरण की कोशिश की है।

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा खुद को श्रीराम की भक्ति करने वाली पार्टी बताती है, लेकिन मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों से कोई सीख नहीं लेती। सत्ता के लिए चुनावों में सारी मर्यादाएं तोड़कर जनता को धर्म के नाम पर गुमराह करने का काम करती है।

गिरिराज किशोर हिन्दवान ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी को भाजपा से किसी प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं है।

 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *