देहरादून ,2 मार्च। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीटू) एवं अखिल भारतीय अम्बेडकर युवक संघ द्वारा बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड के नवनिर्वाचित सदस्य एडवोकेट रंजन सोलंकी का स्वागत एवं सम्मान किया गया।

वक्ताओं ने एडवोकेट रंजन सोलंकी की जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वे अपनी सादगी एवं ईमानदारी के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने हमेशा गरीब और बस्तीवासियों के हितों के लिए संघर्ष किया है तथा बस्ती आंदोलन में निःशुल्क कानूनी सहायता प्रदान की है। वक्ताओं ने उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी उनके संघर्षों में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर एडवोकेट रंजन सोलंकी ने कहा कि वे हमेशा गरीबों, मजदूरों और बस्तीवासियों की लड़ाई में उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि न केवल वे स्वयं, बल्कि उनकी अधिवक्ताओं की पूरी टीम भी गरीबों और मजदूरों को न्याय दिलाने के लिए सदैव उपलब्ध रहेगी।
समारोह के दौरान अम्बेडकर युवक संघ की ओर से डॉ. भीमराव अम्बेडकर का चित्र भेंट किया गया, जबकि सीटू द्वारा बुके एवं फूल मालाओं से उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर मिष्ठान्न का भी वितरण किया गया।
गांधी पार्क के पास राजपुर रोड स्थित सीटू जिला कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में सीटू के प्रांतीय सचिव लेखराज, अध्यक्ष एस.एस. नेगी, अखिल भारतीय अम्बेडकर यूनियन के अध्यक्ष एवं पूर्व शिक्षक दिलेराम रवि, कोषाध्यक्ष मनीष कुमार, सहदेव कुमार, सीटू के उपाध्यक्ष भगवंत पयाल, अभिषेक भंडारी, हिमांशु चौहान, अधिवक्ता शांति प्रसाद, रविन्द्र नौढ़ियाल, बस्ती बचाओ आंदोलन के संयोजक अनंत आकाश, प्रेमा, मयंक कुमार, नरेंद्र सिंह सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अपने विचार रखे
