भाजपा सरकार पर सहकारी समितियों के चुनाव में धांधली का आरोप – डॉ0 के0 एस0 राणा

Share on Social Media

 

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री एवं जिला सहकारी बैंक देहरादून के पूर्व अध्यक्ष डॉ. के. एस. राणा ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर सहकारी समितियों के चुनाव में धांधली करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय के आदेश के बाद सहकारी समितियों के चुनाव शुरू हुए, लेकिन सरकार ने पुराने सदस्यों को मताधिकार से वंचित कर दिया।

डॉ. राणा ने बताया कि इस फैसले के खिलाफ कुछ सहकारी सदस्यों ने उच्च न्यायालय में याचिका दायर की, जिस पर न्यायालय ने निर्देश दिया कि चुनाव पूर्व की पद्धति के अनुसार कराए जाएं। बावजूद इसके, भाजपा सरकार ने न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करते हुए नई प्रणाली से चुनाव कराने की घोषणा कर दी। इसके तहत 2021 से पहले बने सदस्यों को विगत तीन वर्षों में लेन-देन न होने पर मताधिकार से वंचित किया गया, जबकि 2021 के बाद बने सदस्यों पर यह शर्त लागू नहीं की गई।

चुनाव प्रक्रिया में मनमानी

चुनाव कार्यक्रम की घोषणा 11 फरवरी 2025 को हुई, जिसके तहत 24 और 25 फरवरी को मतदान तय किया गया। 24 फरवरी को संचालक मंडल के चुनाव संपन्न हुए, लेकिन 25 फरवरी को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और अन्य प्रतिनिधियों के चुनाव से ठीक पहले रात 10 बजे सूचना दी गई कि मतदान स्थगित कर दिया गया है। जब सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण से कारण पूछा गया तो कोई स्पष्ट उत्तर नहीं मिला, जबकि उच्च न्यायालय से ऐसा कोई आदेश नहीं था। सहकारी समिति अधिनियम के नियम 17 के अनुसार, चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के बाद इसे रोका नहीं जा सकता, लेकिन भाजपा सरकार ने इस नियम की भी अनदेखी की।

डॉ. राणा ने यह भी आरोप लगाया कि 24 फरवरी को मतदान का समय बिना किसी पूर्व सूचना के सुबह 9 बजे से बदलकर 11 बजे कर दिया गया, जबकि चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद इसमें कोई बदलाव नहीं किया जा सकता।

सरकार पर नियमों के उल्लंघन का आरोप

डॉ. राणा ने सहकारी समिति अधिनियम की धारा 34 का हवाला देते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक समिति में अपने प्रतिनिधि के रूप में दो व्यक्तियों को नामित कर सकती है, जिनमें से एक सरकारी सेवक होगा जिसे मतदान का अधिकार नहीं होगा। लेकिन भाजपा सरकार ने इस नियम की भी अवहेलना करते हुए अधिक संख्या में अपने मनमाने प्रतिनिधियों को शामिल किया, ताकि बहुमत हासिल किया जा सके।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री बिरेन्द्र पोखरियाल, राष्ट्रीय निदेशक सहकारी संघ मानवेन्द्र सिंह, मुख्य प्रवक्ता गरिमा माहरा दसौनी, प्रवक्ता सुजाता पॉल और डॉ. प्रतिभा सिंह भी मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *