मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश में 26 विकास कार्यों के लिए ₹22.15 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति को दी मंजूरी

Share on Social Media


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार एवं आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से 26 विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए कुल ₹22 करोड़ 15 लाख 32 हजार की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति का अनुमोदन प्रदान किया है। स्वीकृत कार्यों में सड़क एवं नाली निर्माण, सुरक्षात्मक कार्य, तारबाड़, धार्मिक स्थलों एवं मेला स्थलों का सौंदर्यीकरण, हैंडपंपों की स्थापना तथा विद्युत सुविधाओं का विस्तार शामिल है।

उन्होंने जनपद देहरादून के मसूरी विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लिए ₹8.96 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की है। इसके तहत आरकेडिया के मिठ्ठी बेहड़ी में आंतरिक सड़क, नाली एवं सुरक्षात्मक कार्यों के लिए ₹89.44 लाख, कैनाल रोड जाखन के वार्ड संख्या 07 में ₹82.29 लाख, मालसी वार्ड संख्या 01 में ₹60.91 लाख, गढ़ी कैंट के वार्ड संख्या 06 नागेश्वर में ₹78.92 लाख तथा वार्ड संख्या 07 संजय विहार में ₹39.97 लाख स्वीकृत किए गए हैं।

इसी क्रम में गढ़ी कैंट के वार्ड संख्या 05 टपकेश्वर में ₹62.36 लाख, वार्ड संख्या 04 रोजपुर रोड में ₹84.48 लाख, वार्ड संख्या 06 दून विहार में ₹96.75 लाख, वार्ड संख्या 10 डोभालवाला में ₹76.62 लाख, घोरणखास में ₹79.71 लाख, वार्ड संख्या 12 किशननगर में ₹50.08 लाख तथा वार्ड संख्या 11 विजय कॉलोनी में ₹94.65 लाख की स्वीकृति दी गई है। इन क्षेत्रों में आंतरिक सड़कों, नालियों एवं सुरक्षात्मक कार्यों का निर्माण किया जाएगा।

जनपद पिथौरागढ़ में चार विकास कार्यों के लिए ₹3.44 करोड़ की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है। इसमें डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र की ग्राम सभा लीमा टोडा में सीसी मार्ग निर्माण के लिए ₹86.45 लाख, धारचूला के ग्राम गटघोरगाड़ी में नौलिंग मेला स्थल निर्माण के लिए ₹79.49 लाख, विण विकासखंड की ग्राम सभा उपरतोला में आंतरिक मार्ग निर्माण के लिए ₹84.94 लाख तथा डीडीहाट की ग्राम पंचायत खोलीमाली कन्यूरी में खड़ंजा, सीसी मार्ग, पुलिया एवं सुरक्षात्मक कार्यों के लिए ₹93.64 लाख शामिल हैं।

जनपद अल्मोड़ा में सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के ताकुला मंडल में सूअर रोधक तारबाड़ के लिए ₹45.63 लाख तथा जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में दन्या के समीप सिद्धेश्वर मंदिर उधाण के सौंदर्यीकरण के लिए ₹97.08 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है। मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य के लिए ₹58.248 लाख की प्रथम किस्त जारी करने का शासनादेश भी निर्गत किया गया है।

जनपद चम्पावत में मटेला के राजस्व ग्राम भगीनाखेत स्थित भौलेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹25 लाख, ग्राम पंचायत खटोली के भगवती मेला स्थल के लिए ₹50 लाख तथा ग्राम पंचायत बुगाख्याली के भागेश्वर मेला स्थल के लिए ₹25 लाख के शासनादेश जारी किए गए हैं। इसके अतिरिक्त लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ठांटा में ऐतिहासिक दूधाधारी भगवती मेला स्थल के सौंदर्यीकरण, दर्शक दीर्घा एवं ध्यान केंद्र निर्माण के लिए ₹97.10 लाख की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है।

जनपद टिहरी गढ़वाल के देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के कीर्तिनगर विकासखंड में चौकी महादेव शिवालय के सौंदर्यीकरण के लिए ₹67.87 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है।

वहीं, जनपद हरिद्वार में ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल सुविधाओं के विस्तार के लिए झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र में 50 हैंडपंप स्थापित करने हेतु ₹99.44 लाख तथा लक्सर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में 50 हैंडपंप लगाने के लिए ₹123.46 लाख की स्वीकृति दी गई है।

जनपद पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में नगर निगम के विभिन्न स्थानों पर स्ट्रीट लाइट सुविधा विकसित करने के लिए विद्युत पोल स्थापना, लाइन निर्माण एवं लाइन शिफ्टिंग के कार्यों हेतु ₹344.04 लाख की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है।

मुख्यमंत्री के इन निर्णयों से प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सड़क, पेयजल, विद्युत, धार्मिक पर्यटन एवं स्थानीय आधारभूत सुविधाओं के विकास को गति मिलेगी तथा आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *